नई दिल्लीः लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (SIR) के बहाने देशभर में अराजकता फैल गई है और आरोप लगाया कि तनाव के कारण 16 बूथ स्तर अधिकारियों अर्थात BLO की मौत हो चुकी है। SIR नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहा है। इसका पहला चरण बिहार में विधानसभा चुनावों से पहले आयोजित किया गया था।
राहुल गांधी ने एक्स पर हिंदी में पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि SIR की आड़ में देशभर में अराजकता फैलाई जा रही है, नतीजा तीन हफ्तों में 16 BLO की मौत, हार्ट अटैक, तनाव, आत्महत्या। SIR कोई सुधार नहीं, थोपी गई तानाशाही है।
राहुल ने कहा कि SIR एक सोची-समझी चाल है, जहाँ नागरिकों को परेशान किया जा रहा है और BLO की मौतों को 'कोलैटरल डैमेज' कहकर नजरअंदाज किया जा रहा है। यह विफलता नहीं, एक साजिश है। यह सत्ता में बैठे लोगों की रक्षा के लिए लोकतंत्र की बलि है।
मालूम हो कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा साझा की गई मीडिया रिपोर्ट के अनुसार छह राज्यों में 16 BLO की मौत हुई है। गुजरात और मध्य प्रदेश में चार-चार, पश्चिम बंगाल में तीन, राजस्थान में दो और तमिलनाडु और केरल में एक-एक। अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। SIR जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहा है उनमें अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुदुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।