राहुल गांधी के छठ पूजा से जुड़े बयान पर बवाल, भाजपा ने बताया ‘आस्था का अपमान’

नरेन्द्र मोदी की छठ पूजा में प्रतीकात्मक भागीदारी की ओर इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह भागीदारी बनावटी है और राजनीतिक लाभ के लिए की गई है। यह कहते हुए उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री की फोटो खिंचवाने की घटना पर तंज कसा।

By डॉ.अभिज्ञात

Oct 31, 2025 11:37 IST

नयी दिल्ली बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छठ पूजा पर दिए बयान ने सियासी तूफ़ान खड़ा कर दिया है। राहुल गांधी के बयान पर मचे इस बवाल ने बिहार के चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। भाजपा इसे आस्था पर हमला बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे राजनीतिक गलत व्याख्या कह रही है। छठ जैसे लोकआस्था के पर्व के बीच यह विवाद अब चुनावी रणनीति के केन्द्र में आ गया है।

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक दिन पहले बुधवार को एक चुनावी सभा में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छठ पूजा में भागीदारी को 'ड्रामा' बताते हुए कहा था, 'उन्हें छठ पूजा से कोई लेना-देना नहीं है। नरेंद्र मोदी अपने स्विमिंग पूल में नहाने गए थे, उनका यमुना से कोई संबंध नहीं है।’ प्रधानमंत्री मोदी की छठ पूजा में प्रतीकात्मक भागीदारी की ओर इशारा करते हुए राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह भागीदारी बनावटी है और राजनीतिक लाभ के लिए की गई है। यह कहते हुए उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री की फोटो खिंचवाने की घटना पर तंज कसा।

भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया

राहुल गांधी के इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया है, बल्कि 'छठी मइया' और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का भी अपमान किया है। शाह ने कहा, 'राहुल बाबा ने कहा कि जो लोग छठ पूजा करते हैं, वे ड्रामा करते हैं। राहुल बाबा, आप छठी मइया की महिमा को नहीं समझ पाएंगे।’ वहीं, भाजपा प्रवक्ता सी. आर. केसवन ने राहुल गांधी के बयान को ईशनिंदा करार देते हुए कहा, 'उन्होंने छठ पूजा को ड्रामा कहा, जिससे बिहार के हर व्यक्ति की भावना आहत हुई है। यह बिहार की संस्कृति और परंपरा के प्रति कांग्रेस के घृणा और तिरस्कार को दर्शाता है।’ बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हताशा और अवसाद में हैं और उनकी भाषा मर्यादा पार कर गई है। राहुल गांधी ने आज छठ मइया का अपमान किया है। बिहार के लोग इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कांग्रेस नेता रशीद अलवी ने क्या कहकर किया बचाव?

वहीं, कांग्रेस नेता रशीद अलवी राहुल गांधी के बचाव में सामने आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने छठ पूजा का अपमान नहीं किया, बल्कि यमुना की सफाई को लेकर भाजपा के झूठी दावों पर सवाल उठाए हैं। अलवी ने कहा कि राहुल गांधी ने सिर्फ इतना कहा कि अगर यमुना साफ है तो भाजपा नेता खुद उसका पानी पीकर दिखाएं।

राहुल ने मोदी पर अपने आरोपों को दोहराया

सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एक चुनावी रैली में छठ के दौरान यमुना प्रदूषण के दावे को दोहराते हुए कहा कि देश में दो भारत हैं। देश में दो भारत हैं, एक वह जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अलग तालाब बनाकर दिखावा करता है कि यमुना साफ है और दूसरा, जहां नदी का प्रदूषण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। छठ पूजा के दौरान प्रधानमंत्री ने यमुना में स्नान करने का निर्णय लिया। एक तरफ भारत और बिहार की सच्चाई है, जहां यमुना प्रदूषित है और दूसरी तरफ मोदी ने साफ पानी का एक छोटा तालाब बनवाया। पाइपों के ज़रिए साफ पानी लाया गया ताकि प्रधानमंत्री उसमें स्नान कर सकें।

Prev Article
आखिर क्यों बनाया बच्चों को बंधक? : रोहित आर्या की कहानी और मुंबई का बचाव अभियान
Next Article
Red Fort Blast: हरियाणा की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के दो डॉक्टर समेत तीन हिरासत में, विश्वविद्यालय पर दो FIR दर्ज

Articles you may like: