🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पुलवामा के 7 वर्ष पूरे, शहीदों को नमन कर रहा पूरा देश; मोदी-ममता-अभिषेक का विशेष संदेश

वह 14 फरवरी थी। पुलवामा हमले के सात साल पूरे हो गए। 40 शहीद जवानों की स्मृति में पूरा देश श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

By कौशिक भट्टाचार्य, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Feb 14, 2026 15:37 IST

नयी दिल्लीः 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। शनिवार को पूरे देश ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए X पर लिखा, “2019 के इसी दिन पुलवामा में शहीद हुए वीरों को गहरी श्रद्धांजलि। उनका देशप्रेम, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव हमारी स्मृतियों में अमिट रहेगा।” उन्होंने कहा कि हर भारतीय उनके साहस से प्रेरणा लेता है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शहीद जवानों को ‘सलाम’ किया। उन्होंने लिखा, “2019 के आज ही के दिन पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर सीआरपीएफ जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि।”

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इस घटना को “हाल के इतिहास का एक काला अध्याय” बताया। उन्होंने कहा, “वे किसी के पति, किसी के बेटे, किसी के पिता थे। वे साधारण भारतीय थे, जिन्होंने बहादुरी के साथ सेना की वर्दी पहनी थी। आतंक के उस एक क्षण ने अनेक परिवारों को तोड़ दिया, कई सपने अधूरे रह गए और पूरा देश शोक और आक्रोश में एकजुट हो गया।” उन्होंने देश की सुरक्षा के प्रति और अधिक सतर्क व जिम्मेदार होने का संदेश भी दिया।

2019 में जम्मू-कश्मीर के राष्ट्रीय राजमार्ग से सीआरपीएफ का काफिला गुजर रहा था। पुलवामा के लेथपोरा क्षेत्र में विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी ने काफिले की एक बस को टक्कर मार दी। भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर ही 40 जवान शहीद हो गए। हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया और भारत-पाकिस्तान संबंधों में भी तीखा तनाव पैदा हो गया।

Prev Article
वैलेंटाइन डे: प्रेम के उत्सव के इतिहास की रोचक कहानी
Next Article
AI तकनीक से सड़क हादसों पर लगाम, ड्राइवर को मिलती है तुरंत चेतावनी, बच रही अनगिनत जानें

Articles you may like: