🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पुडुचेरी चुनाव 2026: एन रंगास्वामी की वापसी, एनडीए को स्पष्ट बहुमत

एआईएनआरसी ने 12 सीटें जीतकर पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने का रास्ता किया साफ।

पुडुचेरी : दक्षिण भारतीय अभिनेता थलपति विजय की पार्टी टीवीके ने पुडुचेरी की सभी 30 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे जिनमें से उन्हें 2 सीटों पर जीत मिली।

एग्जिट पोल के अनुमानों को सही साबित करते हुए पुडुचेरी में एक बार फिर एनडीए गठबंधन ने जीत दर्ज की है। ‘ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस’ (एआईएनआरसी) के संस्थापक एन रंगास्वामी पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद संभालने जा रहे हैं। देर रात तक प्राप्त मतगणना के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों में से एनडीए गठबंधन ने 18 सीटों पर जीत हासिल की है जिनमें एआईएनआरसी ने अकेले 12 सीटें जीती हैं।

दूसरी ओर थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) ने सभी 30 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे लेकिन उन्हें केवल 2 सीटों पर ही सफलता मिली।

75 वर्षीय एन रंगास्वामी अब पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद पर लौटने जा रहे हैं। वाणिज्य और कानून की पढ़ाई करने वाले रंगास्वामी प्रसिद्ध राजनेता के कामराज के आदर्शों से प्रेरित होकर वकालत छोड़कर राजनीति में आए थे।

1990 में उन्होंने पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर थत्तानचावडी सीट से जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने तीन अलग-अलग मुख्यमंत्रियों की सरकार में मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2001 में वह पहली बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री बने और 2006 में कांग्रेस की जीत के बाद दोबारा इस पद पर लौटे। हालांकि पार्टी नेतृत्व से मतभेद के कारण 2008 में उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा।

2011 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी एआईएनआरसी की स्थापना की। उनकी पार्टी की जीत के बाद उन्होंने 2016 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। 2016 में अकेले चुनाव लड़कर उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन 2021 में एनडीए गठबंधन में शामिल होकर उन्होंने फिर जीत हासिल की और चौथी बार मुख्यमंत्री बने। अब एक बार फिर वे पांचवीं बार इस पद पर आसीन होने जा रहे हैं।

केंद्र शासित प्रदेशों में चुनी हुई सरकार और केंद्र द्वारा नियुक्त उपराज्यपाल के बीच मतभेद होना सामान्य बात मानी जाती है। ऐसे में पुडुचेरी में लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करना आसान नहीं रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विकास कार्यों के साथ-साथ महिलाओं के लिए मासिक 2,500 रुपये की सहायता योजना और बुजुर्गों के लिए पेंशन योजनाओं ने रंगास्वामी के जनाधार को मजबूत किया है।

वहीं एन रंगास्वामी का कहना है की केंद्र में जो दल सत्ता में होता है यदि पुडुचेरी में भी वही गठबंधन सत्ता में रहे तो विकास को कोई नहीं रोक सकता।

Articles you may like:

Election