🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

क्या राष्ट्रपति शासन समाप्त होगा? मणिपुर की स्थिति की समीक्षा करेंगे अमित शाह

मणिपुर में एक बार फिर सरकार गठन की मांग उठी है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही मणिपुर के पार्टी विधायकों के साथ बैठक की है।

By कौशिक दत्त, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Jan 02, 2026 09:19 IST

इम्फालः मणिपुर में फिर से सरकार गठन की मांग उठी है। इसी कड़ी में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य के पार्टी विधायकों के साथ बैठक भी की है। दूसरी ओर मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने के लगभग एक साल बाद भी वहां की स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। चालू वर्ष के फरवरी महीने में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन की अवधि समाप्त हो रही है। उससे पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य की स्थिति की समीक्षा करेंगे। आज, शुक्रवार को इस विषय पर एक उच्च-स्तरीय बैठक करने वाले हैं।

उल्लेखनीय है कि मई 2023 में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच जातीय संघर्ष के कारण मणिपुर में हिंसा भड़क उठी थी। इस संघर्ष में लगभग 260 लोगों की मौत हुई थी। स्थिति को सामान्य करने के लिए कई कदम उठाए गये लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके परिणामस्वरूप पिछले वर्ष फरवरी में मणिपुर के मुख्यमंत्री पद से एन. बीरेन सिंह को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया। पिछले वर्ष अगस्त में संसद की अनुमति लेकर राष्ट्रपति शासन की अवधि को छह महीने के लिए और बढ़ाया गया था। यह अवधि आगामी 13 फरवरी को समाप्त होने वाली है।

सूत्रों के अनुसार इसके बावजूद वहां अभी तक शांति बहाल नहीं हो सकी है। इसी कारण मणिपुर के भाजपा नेतृत्व का झुकाव राजनीतिक तरीके से समस्या के समाधान की ओर है। इसी बीच आज केंद्रीय गृह मंत्री स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक करेंगे। इस बैठक में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह, मणिपुर के मुख्य सचिव पी.के. गोयल, राज्य पुलिस के डीजी राजीव सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार ये अधिकारी पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। बैठक में मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और विकासात्मक पहलों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। पिछले ढाई वर्षों से हिंसा से प्रभावित समुदायों के निवास क्षेत्रों के आसपास बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के उद्देश्य से विकासात्मक पहलों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। हालांकि, राष्ट्रपति शासन की अवधि को और बढ़ाया जाएगा या नहीं, इस पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

इस बीच, यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब मणिपुर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता सरकार गठन की संभावना की बात कर रहे हैं। उनका मानना है कि इस बैठक के जरिए उसी प्रक्रिया की शुरुआत हो सकती है।

Prev Article
दिल्ली की हवा: साल भर जहर, नए साल पर ‘सबसे साफ’ होने का दावा! AQI ने खोली असली तस्वीर

Articles you may like: