साबरकांठाः गुजरात के साबरकांठा जिले के माजरा गांव में शुक्रवार रात दो समूहों के बीच हुई झड़प में 10 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि दो समूहों के बीच विवाद के चलते भड़की हिंसा में 30 से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और आग लगा दी गई, जिनमें 10 चार पहिया वाहन और 20 दो पहिया वाहन शामिल हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में छानबीन की और 20 लोगों को गिरफ्तार किया।
एएनआई से बात करते हुए, साबरकांठा के पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) अतुल पटेल ने बताया कि यह घटना रात करीब 10:30 बजे हुई, जब दोनों समूहों के बीच पथराव हुआ और वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। पथराव और आगजनी की घटना को लेक एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और लगभग 120 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना में 20 से अधिक दो पहिया वाहन, 10 से अधिक चार पहिया वाहन और कई घरों की खिड़कियां तोड़ दी गईं। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है। झड़प में लगभग 10 लोग घायल हुए हैं।
डिप्टी एसपी ने बताया कि इस हिंसा की वजह दोनों समूहों के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।