नई दिल्ली: विपक्षी 'INDIA' गठबंधन की आज बैठक होने वाली है। इस बैठक में 23 राजनीतिक पार्टियां हिस्सा लेंगी। हालांकि आम आदमी पार्टी(आप) और द्रमुक (DMK) इस बैठक से दूरी बना ली है। CPI(M) भी कांग्रेस से नाराज है। हालांकि, वह इस बैठक में शामिल होगी।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब एक महीने पहले ही 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आए थे और इसमें 'INDIA' ब्लॉक की दो अहम पार्टियां- DMK और तृणमूल कांग्रेस को जबरदस्त हार मिली थी। हालिया विधानसभा चुनावों और बदलते राजनीतिक समीकरण के बीच हो रही इस बैठक को विपक्ष की 'एकजुटता' के तौर पर देखा जा रहा है।
अब सोमवार को 'INDIA' ब्लॉक की यह बैठक दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में होगी। इस बैठक में शामिल होने के पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी दिल्ली पहुंच गईं हैं। बैठक में सांसद व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी शामिल हो सकते हैं।
बैठक में कौन-कौन होंगे शामिल ?
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश का कहना है कि 23 राजनीतिक पार्टियां इस बैठक में शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि कुछ पार्टियों ने इस बैठक में आने में असमर्थता जताई है।
इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, टीएमसी से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, आरजेडी के तेजस्वी यादव और शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव ठाकरे समेत कई विपक्षी पार्टियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।