डंकी रूट से अमेरिका जाने वाले 16 भारतीयों को ट्रंप सरकार ने भेजा वापस

20 जनवरी से 25 अक्तूबर के बीच अब तक ट्रंप सरकार ने 1563 भारतीय नागरिकों अमेरिका से वापस भेजा है।

By कौशिक भट्टाचार्य, Posted By : मौमिता भट्टाचार्य

Oct 27, 2025 01:26 IST

डंकी रूट से अमेरिका जाकर वहां अवैध रूप से रह रहे थे। यह आरोप लगाते हुए 16 भारतीयों को ट्रंप सरकार ने वापस भारत भेज दिया है। बताया जाता है कि वापस आने वाले सभी लोग हरियाणा के कर्नाल के रहने वाले हैं। रविवार को दिल्ली पुलिस ने इन सभी को इनके परिजनों को सौंप दिया।

शनिवार की देर रात 16 युवकों को लेकर अमेरिका का एक वाणिज्यिक विमान दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लैंड करता है। यहां से उन्हें हरियाणा ले जाया गया। बताया जाता है कि इन युवकों से पूछताछ की जा रही है कि कैसे अवैध रास्ते से वे अमेरिका पहुंचे थे?

दूसरी बार राष्ट्रपति का पद संभाल रहे डोनल्ड ट्रंप ने पदभार संभालने के बाद से ही आप्रवासन नीति को लेकर कड़ा रूख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में बता दिया था कि अमेरिका में घुसपैठ की कोई जगह नहीं है। इस साल फरवरी में पैरों में बेड़ियां और हाथों में हथकड़ी लगाकर 205 भारतीयों को ट्रंप सरकार ने भारत में वापस भेजा था। उस बात को लेकर काफी राजनीतिक हलचल मची थी।

केंद्र सरकार के आंकड़ों की माने तो अब तक करीब 1563 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से भारत वापस भेजा गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 20 जनवरी से 25 अक्तूबर के बीच अब तक ट्रंप सरकार ने 1563 भारतीय नागरिकों अमेरिका से वापस भेजा है। ट्रंप सरकार की पहली मियाद के दौरान भी करीब 6,135 लोगों को वापस भेजा गया था। इनमें वर्ष 2019 में सर्वाधिक 2042 लोगों को वापस भेजा गया था। वर्ष 2017 में 1024 लोगों को, 2018 में 1180 लोगों को और 2020 में 1889 लोगों को अमेरिका से भारत वापस भेजा गया था।

Prev Article
दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा पर एसिड से हमला, आरोपी फरार
Next Article
Red Fort Blast: हरियाणा की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के दो डॉक्टर समेत तीन हिरासत में, विश्वविद्यालय पर दो FIR दर्ज

Articles you may like: