गुवाहाटीः असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिज़ाबेथ गोगोई पर देश की सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि एलिज़ाबेथ गोगोई पहले पाकिस्तान में काम कर चुकी हैं और उस दौरान उनके संबंध एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख से काफ़ी क़रीबी थे। आरोप है कि एलिज़ाबेथ ने पाकिस्तान में काम करने के बाद भारत में रहते हुए भी उसी नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ संपर्क बनाए रखा और कुछ संवेदनशील जानकारियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया है कि गौरव गोगोई ने वर्ष 2013 में पाकिस्तान की एक गोपनीय यात्रा की थी, जिसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई। उनका दावा है कि उस यात्रा के दौरान गौरव गोगोई की गतिविधियां सामान्य नहीं थीं और बाद में संसद में उन्होंने रक्षा और अन्य संवेदनशील मुद्दों से जुड़े सवाल उठाए। मुख्यमंत्री का कहना है कि एक सांसद का इस तरह पाकिस्तान से जुड़ना बहुत गंभीर विषय है।
यह भी आरोप लगाया है कि एलिज़ाबेथ गोगोई को भारत में काम करने के दौरान विदेशी धन नियमों का उल्लंघन करके वेतन दिया गया और इस पूरी प्रक्रिया में पाकिस्तानी नागरिक की भूमिका रही। मुख्यमंत्री के अनुसार यह मामला केवल राज्य स्तर का नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।
राज्य मंत्रिमंडल ने इस पूरे मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराने का फैसला लिया है। इसके लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय को मामला भेजा जाएगा। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलते ही राज्य पुलिस की विशेष जांच टीम से जांच हटाकर केंद्रीय एजेंसी को सौंप दी जाएगी। साथ ही असम सरकार एलिज़ाबेथ गोगोई की भारत में मौजूदगी को देशहित के लिए नुकसानदायक मानते हुए उनके ओवरसीज़ नागरिकता कार्ड या वीज़ा को रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू करेगी।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ANI
सभी आरोप पूरी तरह झूठे और राजनीति प्रेरित, यह असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिशः गौरव गोगोई
गौरव गोगोई का कहना है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का तथ्यों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोपों को “निरर्थक” और “मनगढ़ंत” बताया और कहा कि यह पूरी कवायद जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए की गई है। गोगोई के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कोई ठोस सबूत नहीं दिए, बल्कि केवल आरोप और बयानबाज़ी की।
गोगोई ने यह भी कहा कि जिन बातों को लेकर उनकी पत्नी को निशाना बनाया जा रहा है, वे पुरानी, तोड़ी-मरोड़ी गई और संदर्भ से बाहर निकालकर पेश की गई बातें हैं। उनका दावा है कि उनकी पत्नी ने कोई गैरकानूनी काम नहीं किया और न ही उन्होंने या उनकी पत्नी ने देश के हितों के खिलाफ कोई गतिविधि की है। यह हमला इसलिए किया जा रहा है क्योंकि कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के ज़रिये राज्य में कथित भ्रष्टाचार और सत्ता से जुड़े सवाल सामने आ रहे हैं, जिससे सरकार असहज है।