नयी दिल्ली/पटनाः त्योहार का मौसम खत्म होते ही बिहार में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, छठ पूजा के बाद ही बिहार में विधानसभा चुनाव शुरू हो सकते हैं।सूत्रों की खबर है कि 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा का चुनाव तीन चरणों में हो सकता है।
आगामी 28 अक्टूबर को छठ पूजा है। उसके बाद ही चुनावी डंका बजेगा। सूत्रों की खबर है कि 5 से 15 नवंबर के बीच बिहार में मतदान प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। गौरतलब है कि बिहार में वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 2025 के 22 नवंबर को समाप्त होगा। विधानसभा के कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही चुनाव आयोग को चुनाव प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसे में यह बताया गया समय सबसे आदर्श है। एक सूत्र की खबर है कि आगामी कुछ दिनों में ही आयोग चुनाव की घोषणा कर देगा। महीने खत्म होने से पहले ही संभवतः बिहार का चुनाव कार्यक्रम घोषित हो जायेगा।
उल्लेखनीय है कि बिहार में कई चरणों में मतदान होता है। 2020 के चुनाव भी तीन चरणों में हुए थे। उस बार 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर, 3 नवंबर को 94 सीटों पर और 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान का दिन तय किया गया था। परिणाम की घोषणा 10 नवंबर को हुई थी। 2015 में बिहार में पांच चरणों में मतदान हुआ था।
सूत्रों की खबर के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आगामी सप्ताह चुनाव के मद्देनजर बिहार जाएंगे। वहां वे चुनाव की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची घोषित होने के बाद उसकी समीक्षा भी मुख्य चुनाव आयुक्त करेंगे। भाजपा, जदयू और लोजपा के गठबंधन से बने एनडीए गठबंधन के साथ टक्कर में उतरेगा राजद, कांग्रेस और वाम दलों का इंडिया गठबंधन। चुनाव से पहले एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर बिहार का राजनीतिक मैदान गरमाया हुआ है।