शिमला: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को शिमला में पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यालय केवल दफ्तर नहीं, बल्कि ‘संस्कार केंद्र’ होते हैं, जहां कार्यकर्ताओं को संगठन, विचार और सेवा की प्रेरणा मिलती है।
नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यालयों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, शोध और सोशल मीडिया सुविधाओं से लैस करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि देशभर में 787 भाजपा कार्यालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया था, जिनमें से अब तक 617 कार्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं।
भाजपा को देश की सबसे बड़ी कैडर आधारित राजनीतिक पार्टी बताते हुए नड्डा ने कहा कि पार्टी के पास 14 करोड़ सदस्य, 10 लाख से अधिक कार्यकर्ता, 6.5 लाख से ज्यादा बूथ समितियां हैं और फिलहाल पार्टी 20 राज्यों में सत्ता में है। हिमाचल प्रदेश में अब तक 9 पार्टी कार्यालय बन चुके हैं जबकि 11 कार्यालय निर्माणाधीन हैं।
पार्टी संगठन के मूल मंत्र पर जोर देते हुए नड्डा ने ‘पांच के’ कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय का उल्लेख किया और कहा कि अब संगठन के सभी स्तंभ मजबूत किए जा रहे हैं।
नया प्रदेश कार्यालय जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के पास मजथाई क्षेत्र में बनाया जाएगा, जो शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। प्रदेश कार्यालय शहर से लगभग 29 किलोमीटर दूर है। नड्डा ने स्थल का निरीक्षण किया और प्रस्तावित भवन की रूपरेखा पर पार्टी नेताओं को मार्गदर्शन भी दिया।
करीब 45 मिनट तक चले वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आधारशिला कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसके बाद कलश स्थापना की गई। इसके बाद नड्डा ने कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, राज्य प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इससे पहले शुक्रवार रात नड्डा ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आवास पर जाकर उनकी बेटी के विवाह की बधाई भी दी।