नयी दिल्लीः अफगानिस्तान के विदेशमंत्री अमीर खान मुत्तकी भारत आये हुए हैं। 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के साथ ही वहां फिर से सत्ता पर तालिबान काबिज हुआ। अफगानिस्तान में अब सरकार तालिबान के हाथ में है। 2021 में सत्ता में आने के बाद यह पहली बार है जब कोई शीर्ष तालिबान नेता भारत दौरे पर आया है।
संयुक्त राष्ट्र की ओर से अमीर खान मुत्तकी के विदेश यात्रा पर प्रतिबंध था। हाल ही में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने वह प्रतिबंध हटा लिया। उसके बाद वे भारत दौरे पर आए। भारत अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के साथ गहरे कूटनीतिक संबंध बनाने का काम कर रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के विदेशमंत्री का यह दौरा उस लक्ष्य की पूर्ति में सहायक होगा।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बताया कि गुरुवार को भारत पहुंचे अमीर खान मुत्तकी के साथ भारत द्विपक्षीय संबंधों में सुधार और क्षेत्रीय मुद्दों पर समझौते के लिए उत्सुक है।