शिमला: हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास तीन जगहों पर भीषण हिमस्खलन हुआ है। इसके चलते मंगलवार से मनाली-केलॉन्ग सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क पर कई पर्यटक फंस गए हैं। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सड़क साफ करने का काम शुरू कर दिया गया है। बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन के जवान बर्फ के नीचे दबे वाहनों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
जनजीवन अस्त-व्यस्त और सड़कें बंद
लगातार हो रही बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश की संपर्क व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। सूत्रों के अनुसार, राज्य की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग और 655 प्रमुख सड़कें फिलहाल बंद हैं। इनमें लाहौल-स्पीति, लेह-मनाली और काजा-ग्रामफू क्षेत्र की कई सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा शिमला और कुल्लू जिलों की कई अहम सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खतरे के स्तर से ऊपर हिमस्खलन की चेतावनी
डीआरडीओ की ओर से हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रक्षा विभाग के जियोइन्फॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टैब्लिशमेंट ने बताया है कि चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और किन्नौर के पहाड़ी इलाकों में कई सड़कें बेहद खतरनाक हो गई हैं। किसी भी समय हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इन इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
मौसम का पूर्वानुमान और प्रशासन की तैयारी
मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मनाली-केलॉन्ग मार्ग पर फंसे यात्रियों को निकालने और सड़क साफ करने के लिए बीआरओ की टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को फिलहाल हिमस्खलन संभावित ढलानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।