मुंबईः जाली दस्तावेजों का उपयोग करके लगभग तीन दशकों से अवैध रूप से बांग्लादेशी ट्रांस महिला भारत में रह रही थी। असली नाम बाबू आयान खान है लेकिन भारत आकर उसने ज्योति नाम अपनाया था। हालांकि स्थानीय ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच वह 'गुरु मां' के नाम से प्रसिद्ध है। उस पर आध्यात्मिक गुरु का रूप धारण करके बांग्लादेश से ट्रांसजेंडर समुदाय के कम से कम 200 लोगों की अवैध रूप से भारत में तस्करी करने का आरोप लगा है। हाल ही में मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।
मुंबई पुलिस का दावा है कि कई साल पहले पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद सीमा से वह भारत में दाखिल हुई थी। इसके बाद जन्म प्रमाण पत्र से लेकर आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित एक के बाद एक जाली भारतीय दस्तावेज बनवाए थे।
वह आध्यात्मिक गुरु का रूप धारण कर मुंबई के ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच स्थापित हो गई थी और जल्द ही मुंबई भर में सैकड़ों ट्रांसजेंडरों का भरोसा जीत लिया था। धीरे-धीरे ट्रांस समुदाय के बीच 'गुरु मां' बन गई थी।
मुंबई पुलिस ने बताया है कि रफीक नगर, गोवंडी और शिवाजी नगर जैसे इलाकों में 'गुरु मां' के लगभग 300 भक्त हैं। लेकिन यह सब दिखावे का था। दरअसल वह एक बड़े तस्करी गिरोह की सरगना थी। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि वह बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत लाती थी। मुख्यतः ट्रांसजेंडरों को ही यह तस्कर गिरोह लाता था।
मुंबई पुलिस के अनुसार भारत में दाखिल होने के बाद पहले नए घुसपैठियों को कोलकाता लाया जाता था। यहां उनके जाली दस्तावेज तैयार कराए जाते थे। इसके बाद उन्हें मुंबई भेजा जाता था।
'गुरु मां' ने 'महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी' या एमएचएडीए में पंजीकृत 200 से अधिक फ्लैट और चाल अवैध रूप से कब्जे में रखे थे। वह इन फ्लैट और चालों में ही बांग्लादेशी घुसपैठियों को घर किराए पर देती थी। उसके कमरे बहुत छोटे-छोटे हैं जिनका किराया हर महीने5,000 से 10,000 रुपए वसूलती थी। इस तरह 'गुरु मां' ने लाखों रुपए कमाए हैं। यहीं बात खत्म नहीं होती, पुलिस का दावा है कि बांग्लादेशी घुसपैठियों में से कई को उसने देह व्यापार करने के लिए भी मजबूर किया।
'गुरु मां' को गिरफ्तार करने से पहले मुंबई पुलिस ने उसके सभी पहचान पत्रों की विस्तार से जांच की। पता चला कि सभी जाली थे। इसके बाद उसे गिरफ्तार करके पुलिस ने पूछताछ शुरू की। मुंबई पुलिस ने उसके खिलाफ अवैध आप्रवासन, जालसाजी और तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया है।