सर्दियों का मौसम खत्म हो रहा है। यह ऐसा मौसम है जब स्वेटर पहनने पर गर्मी लगती है और स्वेटर न पहनो तो ठंड लगने का खतरा...! अगर ऐसे मौसम में ही आपकी शादी होने वाली है तो आपके लिए दुविधा और भी ज्यादा होगी। आखिर कौन सी ऐसी दुल्हन होगी जो स्वेटर और शॉल के नीचे अपना डिजाइनर लहंगा और मेकअप छिपाना चाहती होगी। सर्दियों के मौसम में अगर आप भी भीड़ से अलग हटकर दिखना चाहती हैं तो उसके लिए थोड़ी तैयारी पहले से ही कर लें।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ख्याति प्राप्त सौन्दर्य विशेषज्ञ शहनाज़ हुसैन बता रही हैं कि सर्दियों के मौसम में दुल्हन बनने वाली युवतियां किन बातों का विशेष ध्यान रखें -
लाइफस्टाइल
शादी से एक महीना पहले अपनी जीवन शैली में सकारात्मक मनोभाव लाएं। इस दौरान हेल्दी डाएट, फल, सब्जियां, निम्बू या नारियल पानी आदि को अपने भोजन में शामिल करें ताकि शरीर हाइड्रेट रहे। इससे शरीर के टॉक्सिन्स बाहर निकल जाएंगे। एक बोतल पानी में नींबू के टुकड़े, खीरे के कुछ स्लाइस और पुदीना मिलाकर रखे और दिन भर उसे थोड़ा-थोड़ा पीती रहिए। शादी का बहुत स्ट्रेस न लेते हुए खुद को तनाव से मुक्त रखने की कोशिश करें।
सुबह और शाम योगा, ध्यान और प्राणायाम करें। धूम्रपान, शराब, जंक फ़ूड और तैलिय भोजन से पूरी तरह से परहेज करें। पर्याप्त मात्रा में बादाम, अखरोट आदि ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें। इससे त्वचा मुलायम बनेगी। चॉकलेट, केक और मिठाइयों से परहेज करें। कम से कम आठ घंटे की नियमित नींद लें। सर्दियों में मिलने वाली सीजनल सब्जियों टमाटर, पालक, मेथी, बथुआ और हरी पत्तेदार सब्जियों का जूस पिएं।
परिधान
सर्दियों में दुल्हनों के लिए मखमल, ब्रोकेड, भारी सिल्क, सैटन और क्रेप जैसे गर्म फैब्रिक्स अच्छे विकल्प होते हैं। ये फैब्रिक्स गर्माहट के साथ शाही लुक देते हैं। आप चाहे तो खूबसूरत वर्क वाली ओपन फ्रंट कैप स्टाइल लॉन्ग श्रग को साड़ी या लहंगे के साथ पेयर कर सकती हैं। इससे आपका लुक भी स्टाइलिश होगा और ठंड भी नहीं लगेगी। कुंदन के काम वाली और खूबसूरत बॉर्डर वाली ओढ़नी लें। इसे सिर पर न डालकर कंधे पर स्टाइलिश अंदाज में कैरी कर सकती हैं।
सर्दियों में सूट ज्यादा आरामदेह और स्टाइलिश होते हैं। इसलिए शादी के विभिन्न फंक्शंस के लिए इन्हें बतौर विकल्प चुन सकती हैं। सर्दियों के मौसम में दुल्हन बन रही है तो जॉर्जेट, नेट और शिफॉन जैसे हल्के और पारदर्शी कपड़ों को अपने परिधानों के लिए चुनने से बचें। ब्लाउज को रेट्रो स्टाइल में सिलवा सकती हैं, फुल या वन फोर्थ अथवा थ्री क्वार्टर स्लीव्स। यह न सिर्फ आपको ठंड से बचाएगा बल्कि फैशनेबल भी लगेगा। आप ब्लाउज में वेलवेट, सिल्क या हेवी एम्ब्रॉयडरी का इस्तेमाल कर सकती हैं।
अगर आपकी शादी किसी ऐसी जगह हो रही है जहां अभी भी बहुत ज्यादा ठंड पड़ रही है तो वेडिंग ड्रेस के नीचे वार्मर पहन सकती हैं। आप गर्म लेगिंग्स या शेपवियर चुन सकती हैं। यह आपकी बॉडी को शेप में रखने के साथ ही ठंड से भी बचाएगा।
सर्दियों में मेकअप
सर्दियों का मौसम शादियों के लिए जितना अनुकूल होता है उतना ही यह दुल्हन की त्वचा के लिए चैलेंजिंग हो जाता है। इस दौरान ठंडी और शुष्क हवाएं त्वचा की प्राकृतिक नमी छीन लेती हैं जिससे वह ड्राई, पपड़ीदार, बेजान और खुरदुरी दिखने लगती है। सर्दियों में दुल्हन की त्वचा की देखभाल के लिए गहरी नमी, हाइड्रेशन और सुरक्षा जरूरी है।
- नहाते समय हमेशा गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें, बहुत गर्म पानी नहीं। नहाने के बाद एलोवेरा और विटामिन ई जैसी सामग्रियों वाले गाढ़े मॉइस्चराइजर और बॉडी बटर का इस्तेमाल करें।
- साथ ही अपनी त्वचा पर एलोवेरा, गुलाब जल या मॉइस्चराइजिंग क्रीम का इस्तेमाल दिन में कम से कम दो बार करें।
- कम से कम SPF 30 वाला सनस्क्रीन लगाएं।
- मेकअप से पहले हो या सामान्य स्कीन केयर करते समय क्लिंजिंग, टोनिंग और मॉइश्चराइजिंग के सभी स्टेप्स जरूर पूरा करें।
- सोने से पहले नाइट क्रीम या फेस ऑयल लगाएं।
- सिल्क का तकिया कवर इस्तेमाल करें।
- शादी से 3 महीने पहले से हर महीने फेशियल करवाएं। आखिरी फेशियल शादी से एक हफ्ता पहले करवाना बेहतर होता है ताकि त्वचा का नैचुरल ग्लो बरकरार रहे।
- रात को मेकअप लगाकर कभी न सोने जाएं।
- ड्राई लिप्स की समस्या से छुटकारा पाने के लिए दिन में कम से कम 3 लीटर पानी जरूर पिएं। होठों को चाटने या जीभ फेरने की आदत छोड़े।
- रात को सोने से पहले लिप बटर की मोटी परत लगाएं।
- सूखे होंठों से परेशान हैं तो ऐसी लिपस्टिक का चयन करें जिसमें विटामिन ई, शीया बटर, कोको बटर जैसे मॉइश्चराइज और हाइड्रेशन वाले इंग्रीडिएंट हो।
- ड्राई होंठो पर सीधे मैट लिपस्टिक न लगाएं। लिपस्टिक से पहले मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं।
- लिपस्टिक लगाने से पहले अपनी लिपस्टिक के कलर से मैच करता हुआ एक लिप लाइनर से होंठो को रिडिफाइन कर लें।
- शादी में दुल्हन वाले ग्लो और ग्लैमरस लुक के लिए ऑक्सब्लड, वाइन, मैरून या डीप रेड जैसे डार्क शेड्स की लिपस्टिक को अपनी वैनिटी में शामिल करें।