सर्दियों का मौसम खत्म हो रहा है। हवा में ठंडक की जगह अब धीरे-धीरे उमस बढ़ने लगेगी। लोशन, क्रीम और मॉइश्चराइजर की जगह अब जेल बेस्ड मॉइश्चराइजर लेने वाले हैं। इससे पहले की सर्दियों के सीजन वाली हरी सब्जियां बाजार से गायब हो जाएं क्यों न इनका थोड़ा फायदा उठा लें।
सर्दियों के मौसम में प्रकृति हमें पालक, सरसों का साग, मेथी, बथूआ, हरे पत्तों का सलाद सहित ऐसी हरी पत्तेदार सब्जियां प्रदान करती है जिसके सेवन से हमारी त्वचा मौसम की मार को आसानी से झेल सकती है। इन हरी सब्जियों में एंटी आक्सीडेंट विटामिन, मिनरल तथा अन्य पौष्टिक तत्व विद्यमान होते हैं जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ सुन्दरता को भी निखारते हैं।
आइए जान लेते हैं ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन से सर्दियों के मौसम में मिलने वाली सब्जियां और उनकी पौष्टिकता के बारे में -
1. गाजर : सर्दियों में बाजार में लाल रंग की गाजर मिलते हैं जबकि बाकी सीजन में नारंगी रंग की गाजर देखने को मिलती है। गाजर विटामिन-सी से भरपूर होती है जिससे शरीर में कॉलाजन की उत्पत्ति होती है जो त्वचा को कोमल , मुलायम तथा लचीला बनाती है। गाजर में मौजूद विटामिन ए से चेहरे पर झुर्रियां रोकने में मदद मिलती है। गाजर को फेस मास्क के रुप में प्रयोग किया जा सकता है।
इस्तेमाल : गाजर को पानी में उबाल कर ठण्डा होने दें। ठण्डा होने पर इसे मसल कर लुगदी बना लें और चेहरे पर लगाकर थोड़ी देर बाद चेहरे को साफ व ताजे पानी से धो डालिए। इससे चेहरे की प्राकृतिक आभा में निखार आएगी। इसके नियमित प्रयोग से कील-मुहांसों तथा काले धब्बों से निजात मिलेगी।
2. खीरा : खीरे में मिनरल 'सीलिका' विद्यमान होता है जिसकी वजह से त्वचा की रंगत में निखार आता है। त्वचा कोमल व मुलायम हो जाती है। खीरा प्राकृतिक टोनर की तरह भी काम करता है। खीरा में अस्ट्रिन्जन्ट होता है तथा टोनिंग और रिफ्रेशिंग होने के अलावा यह त्वचा के छिद्रों को बंद करता है तथा तैलीयपन को कम करता है। खीरा खाने से आपकी स्किन हाइड्रेटेड रहती हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट के कारण त्वचा पर झुर्रियां और स्किन रेडनेस की समस्या से भी राहत मिल सकती है।
इस्तेमाल : तैलीय त्वचा के लिए खीरे के रस को सीधे त्वचा पर लगाकर 15 मिनट बाद साफ पानी से धो डालें। खीरे के रस तथा गुलाब जल को मिलाकर बने मिश्रण को चेहरे पर लगाकर 15 मिनट बाद साफ पानी से धो डाले। खीरे को छिलकर दो चम्मच गुलाब जल के साथ ब्लेंडर में बलेंड कर लें। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर 30 मिनट बाद ताजे साफ पानी से धो डालें। खीरे को कद्दूकस करके या खीरे के रस को आंखों के इर्दगिर्द त्वचा पर लगाने से डार्क सर्कल कम होते हैं तथा त्वचा की रंगत में निखार आता है।
3. पालक : इसे सेहत का खजाना माना जाता है। इसका जादुई असर खाने और त्वचा पर लगाने दोनों से मिलता है। पालक में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन ए, विटामिन सी की मौजूदगी होती है। इसके अतिरिक्त इसमें आयरन फोलेट और पोटेशियम पाया जाता है।
इस्तेमाल :
- पालक का फेस मास्क चेहरे की खूबसूरती निखारने में अहम भूमिका अदा करता है। दही और पालक का फेस पैक बनाने के लिए आप पांच पत्तों के हिसाब से तीन चम्मच दही लें। इन दोनों चीजों को एक साथ मिक्सर में ब्लेंड कर लें। पहले सिर्फ पालक का पेस्ट बनाकर भी बाद में दही को मिक्स कर सकती हैं। इस पेस्ट को कम से कम 10 मिनट तक अपने चेहरे पर लगा कर रखें। चेहरे को गुनगुने पानी से धोएं। इस पेस्ट से चेहरे की पिगमेंटेशन धीरे- धीरे कम होने लगेगी और त्वचा में ताजगी और रंगत में निखार आएगी।
- पालक की 10-15 पत्तियां लें। इसमें डेढ़ बड़े चम्मच बेसन, 2-3 बड़े चम्मच दूध, 1 चम्मच शहद मिलाएं। पहले पालक की पत्तियों को अच्छी तरह से धो लें। अब पालक की पत्तियों को मिक्सर में पीसकर फाइन पेस्ट तैयार कर लें। कांच के कटोरे में पालक का पेस्ट डालें और उसमें दूध, शहद और बेसन मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस फेस पैक को चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह से लगाएं और सूखने के बाद साफ ताजे पानी से धो लें। इस पैक को हफ्ते में एक बार इस्तेमाल करने से चेहरे की रंगत में निखार आएगा और त्वचा कोमल और मुलायम बनेगी।
- पालक का जूस भी सुंदरता निखारने में अहम भूमिका निभाता है। पालक का जूस बनाने के लिए 2 कप पालक लें। इसके साथ एक सेब या फिर नाशपाती लें। इसके अलावा नींबू का रस भी डाला जा सकता है। तीन-चौथाई पानी डालकर इन सभी चीजों को ब्लेंडर में डालकर पीस लें और इसके जूस के सेवन से चेहरे पर झाईयां दूर होंगी और त्वचा में प्राकृतिक निखार आएगी।
4. पत्ता गोभी : पत्ता गोभी में फाइबर की मात्रा काफी ज्यादा पायी जाती है। पत्ता गोभी में विद्यमान पौष्टिक तत्वों के सेवन से वजन कम करने तथा कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिलती है। पत्ता गोभी में विद्यमान विटामिन त्वचा को पौष्टिकता प्रदान करते हैं। पत्ता गोभी में विद्यमान मिनरल तथा सल्फर तत्वों की वजह से यह त्वचा को कोमल, लचीला तथा आकर्षक बनाती है।
इस्तेमाल : पत्ता गोभी को पानी में उबालकर पानी को ठंडा होने दें तथा इस पानी से त्वचा को साफ करें। पत्ता गोभी के जूस में पक्के केले की लुगदी तथा शहद में मिलाकर हेयर मास्क तैयार करें। इसे बालों पर लगाकर 20 मिनट बाद हल्के शैम्पू से धो डालें।
5. सलाद : सर्दियों में सलाद आपको प्रचुर मात्रा में खाना चाहिए। सलाद में विद्यमान पोटेशियम तत्व आपकी त्वचा को ऑक्सीजन और पोषण प्रदान करते हैं जिससे रक्त संचार नियमित होता है जिससे त्वचा खिली-खिली दिखाई देती है। सलाद में विटामिन ए, सी, के तथा जिंक की वजह से यह बालों की वृद्धि में सहायक होता है तथा बालों का असमय सफेद होने से रोकता है। सलाद को कच्चा खाना बेहतर होता है क्योंकि पकाने से इसके पौष्टिक तत्व नष्ट हो सकते हैं।