एई समय : संतोष मित्र स्क्वायर की दुर्गा पूजा का उद्घाटन करके बंगाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने चुनावी बिगुल फुंक दिया है। 26 सितंबर की दोपहर को वह लगभग 11:20 बजे पूजा पंडाल पहुंचे। इस साल इस दुर्गा पूजा पंडाल को 'ऑपरेशन सिंदूर' की थीम पर सजाया गया है। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद आतंकवाद का दमन के लिए भारतीय सेना ने जो अभियान चलाया था, उसकी झलक इस पूजा पंडाल में देखने को मिलेगी।
अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव है। इस चुनाव के मद्देनजर ही जानकार बंगाल में अमित शाह द्वारा दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा हैं। संतोष मित्रा स्क्वायर से दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देने के बाद शाह के स्वर में राजनीति गूंज सुनाई दे रही थी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मां से प्रार्थना की है कि इस चुनाव के बाद बंगाल में ऐसी सरकार बने जो 'सोनार बांग्ला' (सोने का बंगाल) का निर्माण कर सके। हमारा बंगाल फिर से सुरक्षित, सुजला, सुफला और शांत होगा।
साथ ही अमित शाह ने कहा कि बंगाल में दुर्गा पूजा की शुरुआत में भारी बारिश हुई है। इस बारिश में 10 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। मैं उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
उल्लेखनीय है कि विद्युत स्पर्शाघात से मौत की घटनाओं को लेकर पहले से ही विपक्ष राज्य सरकार को घेर रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस पृष्ठभूमि में अमित शाह की यह टिप्पणी सांकेतिक है। उल्लेखनीय है कि संतोष मित्रा स्क्वायर की दुर्गा पूजा के प्रमुख आयोजकों में से एक कोलकाता नगर निगम के भाजपा काउंसिलर सजल घोष हैं।
लेकिन ऐस पहली बार नहीं है जब दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री कोलकाता आएं। इससे पहले वर्ष 2023 में भी शाह कोलकाता आकर उत्तर कोलकाता के इस पूजा पंडाल का उद्घाटन कर चुके हैं। उस साल संतोष मित्रा स्क्वायर की दुर्गा पूजा पंडाल को अयोध्या के राम मंदिर की थीम पर बनाया गया था।