नाइजीरिया के नाइजर राज्य के एक कैथोलिक बोर्डिंग स्कूल में बंदूकधारियों के हमला करने की खबर सामने आयी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो स्कूल में 200 से ज्यादा छात्रों व 10 से ज्यादा शिक्षकों का अपहरण कर लिया गया है। शुक्रवार की सुबह यह घटना नाइजीरिया (Nigeria) के नाइजर राज्य (Niger state) के पापिरी में सेंट मैरी कैथोलिक स्कूल की बतायी जाती है। घटना की वजह से इलाके में आतंक का माहौल छा गया है। बताया जाता है कि अपहृतों के परिवार से प्रशासन की तरफ से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें हर तरह से मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है।
इस बारे में मीडिया रिपोर्ट्स में नाइजीरियाई पुलिस के हवाले से बताया गया है कि सेंट मैरी कैथोलिक स्कूल में 12 से 17 साल की आयुवर्ग के बच्चे पढ़ने आते हैं। शुक्रवार की सुबह कुछ बंदूकधारी स्कूल में घुस गए और उन्होंने स्कूल के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों का अपहरण कर लिया। बताया जाता है कि बंदूकधारियों ने 215 से अधिक छात्र-छात्राओं व 12 शिक्षकों का अपहरण कर लिया।
क्रिश्चन एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया (CAN) सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। हाल ही में नाइजीरिया के विभिन्न राज्यों के स्कूलों में ऐसे बंदूकधारियों के हमले और अपहरण की कई खबरें सामने आ चुकी हैं। मिली जानकारी के अनुसार इस सप्ताह के शुरुआत में ही केब्बी राज्य के एक स्कूल से 25 छात्राओं का अपहरण कर लिया गया था। कुछ दिनों बाद ही बंदूकधारियों ने एक और स्कूल में घुसकर वहां 2 पादरियों की हत्या करके 38 छात्राओं का अपहरण कर लिया। अपहरण की दोनों घटनाओं में फिरौती के तौर पर 10 करोड़ नाइरा (भारतीय मुद्रा में करीब 62 लाख रुपए) की मांग की गयी थी।
बताया जाता है कि शुक्रवार की घटना में अब तक किसी भी आपराधिक समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। न ही अब तक फिरौती की कोई मांग की गयी है। लेकिन प्रशासन का अनुमान है कि पहले जिन अपराधियों ने अपहरण की घटना को अंजाम दिया था, इस घटना के पीछे भी उन्हीं लोगों का हाथ है। बताया जाता है कि ये सभी पहले किसान थे लेकिन अब रुपयों के लालच में अपहरण व अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल हो रहे हैं।
CAN के प्रवक्ता डैनियल एटोरी ने बताया कि वह घटनास्थल पर गए थे। स्कूल का एक सुरक्षाकर्मी गोली लगने की वजह से घायल हो गया है। अपहृतों को हर प्रकार से मदद का आश्वासन दिया गया है। दक्षिण अफ्रीका में G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होने वाला है। इस वजह से नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनुबू को दक्षिण अफ्रीका रवाना होना था, लेकिन इस घटना के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। बताया जाता है कि हाल ही में हुई अपहरण की कई घटनाओं के कारण प्रशासन की तरफ से स्कूल-कॉलेज को बंद रखने का निर्देश दिया गया था। लेकिन उन निर्देशों का पालन न करते हुए ही स्कूल को खोला गया था।
उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टीमा का कहना है कि प्रशासन किसी भी प्रकार से अपहृत छात्रों व शिक्षकों को ढूंढ निकालेगी। इस घटना के बाद नाइजीरिया के फेडरल मिनिस्टर ऑफ एडुकेशन ने 47 स्कूल व कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है।