कुवैत सिटीः मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर रहे हैं। कुवैत सिटी में भारत की राजदूत परमिता त्रिपाठी ने कुवैत में रहने वाले भारतीय समुदाय के लगभग 100 प्रमुख लोगों और विभिन्न भारतीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में उन्होंने क्षेत्र में हो रहे ताज़ा घटनाक्रम की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि कुवैत में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा, संरक्षा और भलाई दूतावास की प्राथमिकता है।
दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राजदूत ने समुदाय से जिम्मेदारी के साथ जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील की और उनके सहयोग की सराहना की। हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद होने के कारण कुवैत में जो भारतीय फंस गए हैं, उनकी भी दूतावास मदद कर रहा है। दूतावास के अधिकारी लगातार फंसे हुए भारतीयों के संपर्क में हैं। वे स्थानीय प्रशासन, जिन होटलों में यात्री ठहरे हैं उनके प्रबंधन और संबंधित एयरलाइंस से समन्वय कर रहे हैं ताकि भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता मिल सके।
उधर, ऑस्ट्रिया में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति पर नजर रखें। एक्स पर जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि उड़ानों में लगातार बाधाएं आ रही हैं, इसलिए यात्री अपनी एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस जांचते रहें और किसी भी बदलाव की जानकारी लेते रहें।
ओमान में भारतीय दूतावास ने देश में प्रवेश के लिए नए और अद्यतन दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वहीं, लेबनान में भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे फिलहाल अनावश्यक यात्रा से बचें।
ये सभी एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई हैं जब ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई इज़राइल और अमेरिका के हमलों में मारे गए हैं और पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।