पेेरिस(फ्रांस): संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने ईरान और मध्य पूर्व में बिगड़ते हालात पर चर्चा के लिए आज रात 10 बजे (पेरिस समय) आपात बैठक बुलाने का फैसला किया। फ्रांस के विदेश मंत्री जाँ-नोएल बारो ने ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि फ्रांस के अनुरोध पर यह बैठक बुलाई जा रही है, ताकि क्षेत्र में तेजी से बढ़ते तनाव पर तुरंत विचार किया जा सके।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने मध्य पूर्व में बढ़ती सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इज़राइल द्वारा बल प्रयोग तथा उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को कमजोर कर रही है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर का हवाला देते हुए कहा कि यह स्पष्ट रूप से किसी भी देश की क्षेत्रीय अखंडता या राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ बल प्रयोग या बल प्रयोग की धमकी को प्रतिबंधित करता है। उन्होंने सभी सदस्य देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन करने की अपील की।
रॉयटर्स की रिपोर्ट और इज़राइल की सैन्य कार्रवाइयों से परिचित सूत्रों के अनुसार इज़राइल के एक हमले में ईरान के रक्षा मंत्री आमिर नसीरज़ादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पकपोर के मारे जाने की आशंका है, जिसे तेहरान के नेतृत्व के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने आरोप लगाया कि इज़राइल ने दक्षिणी ईरान में एक प्राथमिक बालिका विद्यालय पर दिनदहाड़े बमबारी की, जब वह छात्राओं से भरा हुआ था। उन्होंने दावा किया कि इस हमले में दर्जनों मासूम बच्चों की मौत हुई और कहा कि ईरानी जनता के खिलाफ यह अपराध बिना जवाब के नहीं रहेगा।
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इज़राइल और कुछ खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान की राजधानी तेहरान में कई विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं, जबकि देश के अन्य कई हिस्सों से भी धमाकों की खबरें आई हैं।