🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तिहाड़ जेल की सलाखों के पीछे राजपाल यादव, भारी बोझ बना फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए लिया करोड़ों का कर्ज

फिल्म उद्योग और राजनीतिक हस्तियों का मिल रहा है छिटपुट समर्थन, जमानत याचिका पर सुनवाई कल

By डॉ. अभिज्ञात

Feb 15, 2026 18:05 IST

अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को गुदगुदाने वाले बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी फिल्मों के कारण नहीं, बल्कि तिहाड़ जेल जाने की वजह से चर्चा में हैं। यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि लगभग डेढ़ दशक पुरानी एक आर्थिक कहानी का परिणाम है, जो आखिरकार अदालत की सख्ती तक पहुंची।

एक फिल्म, एक कर्ज और बड़ी उम्मीद

साल 2010में राजपाल यादव ने फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए दिल्ली की एक कंपनी से लगभग पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया। फिल्म 2012 में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही। करीब 11करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने महज 38लाख रुपये की कमाई की। फिल्म की असफलता के बाद कर्ज चुकाने में कठिनाई शुरू हुई।

चेक बाउंस और कानूनी कार्रवाई

कर्ज चुकाने के लिए राजपाल यादव ने सात चेक जारी किए, लेकिन सभी चेक अनादरित हो गए। यानी बैंक ने भुगतान नहीं किया। सामान्यतः ऐसा तब होता है जब खाते में पर्याप्त राशि नहीं होती या भुगतान संबंधी अन्य बाधा होती है। कंपनी ने कानूनी कार्रवाई की। अप्रैल 2018 में मजिस्ट्रेट अदालत ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई।

अपील और निराशा

राजपाल यादव ने सत्र अदालत में अपील की, लेकिन 2019 में वहां भी सजा बरकरार रही। जून 2024 में दिल्ली उच्च न्यायालय ने सजा पर अस्थायी रोक लगा दी ताकि समझौते की संभावना तलाश की जा सके। राजपाल यादव ने अदालत को आश्वासन दिया कि वे कुल ढाई करोड़ रुपये का भुगतान करेंगे 40लाख पहली किस्त और 2.10 करोड़ दूसरी किस्त के रूप में। लेकिन तय समयसीमा में कोई किस्त जमा नहीं हुई। इस बीच ब्याज और दंड के कारण देनदारी बढ़कर लगभग नौ करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

वादे और देरी

अक्टूबर 2025में 75लाख रुपये जमा किए गए। दिसंबर में 40 लाख रुपये देने का वादा किया गया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। अदालत ने इसे गंभीरता की कमी माना। फरवरी 2026 में एक सप्ताह की अतिरिक्त मोहलत मांगने वाली याचिका खारिज कर दी गई। न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने स्पष्ट कहा कि सेलिब्रिटी होने से अलग नियम नहीं बन सकते। अदालत ने 4 फरवरी 2026 तक आत्मसमर्पण का आदेश दिया।

5 फरवरी से तिहाड़ जेल में

5 फरवरी 2026 को राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। वे छह महीने की सजा काट रहे हैं और वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। 12 फरवरी 2026 को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने शिकायतकर्ता से जवाब मांगा और अगली सुनवाई 16फरवरी तय की। जमानत का निर्णय अभी लंबित है। आत्मसमर्पण के बाद राजपाल यादव ने भावुक शब्दों में कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं और उन्हें इस संकट का सामना अकेले करना पड़ रहा है।

मुश्किल समय में इनका मिला साथ...

उनकी गिरफ्तारी के बाद फिल्म उद्योग से समर्थन मिला। सोनू सूद ने अपनी फिल्म में शामिल करने और अग्रिम राशि देने की घोषणा की। गुरु रंधावा ने आगामी वीडियो के लिए अग्रिम भुगतान की पेशकश की। गायक मीका सिंह ने 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। गुरमीत चौधरी ने भी सहयोग का आश्वासन दिया। राजनीतिक स्तर पर तेज प्रताप यादव ने परिवार को 11लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने कलाकार समुदाय से मदद की अपील की।

Prev Article
फरहान अख्तर का टिकट टू हॉलीवुड, इस महान हस्ती के किरदार में आएंगे नजर
Next Article
'पद्मावत' के बाद संजय लीला भंसाली पीरियड ड्रामा में दिखाएंगे सोमनाथ मंदिर की वीर गाथा, क्या होगी कहानी?

Articles you may like: