हर गुजरा हुआ साल अपने पीछे अच्छी और बुरी यादों का पिटारा छोड़ जाता है। साल 2025 भी खत्म होने वाला है। एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री के लिए यह साल कुछ खास नहीं रहा। कई जानी-मानी हस्तियों ने दुनिया को अचानक अलविदा कह दिया। आइए इस साल के खत्म होने से पहले एक बार उन सेलिब्रिटिज़ की सूची पर नजर डाल लेते हैं, जो अब सिर्फ हमारी यादों में ही बसे रहेंगे -
1. धर्मेंद्र
बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने अपने 90वें जन्मदिन से महज कुछ दिनों पहले ही दुनिया को अलविदा कह दिया। धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हुआ। धर्मेंद्र के निधन के बाद उनकी फिल्म 'इक्कीस' अगले साल रिलीज होगी।
2. सतीश शाह
फिल्म 'जाने भी दो यारो' हो या 'मैं हूं ना' सतीश कौशिक की कमाल की कॉमिक टाइमिंग हर किसी को आज भी गुदगुदाती है। सतीश कौशिक को उनके टीवी शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। 74 वर्ष की उम्र में सतीश कौशिक की मौत कार्डियक अरेस्ट होने की वजह से 25 अक्तूबर 2025 को हो गयी थी।
3. पियूष पांडे
विज्ञापन की दुनिया के बेताज बादशाह पियूष पांडे का निधन 70 साल की उम्र में हो गया। वह दिग्गज एक्ट्रेस व सिंगर इला अरुण के भाई थे। पियूष पांडे को कैडबरी डेयरी मिल्क, एशियन पेंट्स, फेबिकॉल और 'अबकी बार मोदी सरकार' जैसे कैम्पेन के लिए जाना जाता है। इतना ही नहीं उन्होंने आइकॉनिक गाना 'मिले सूर मेरा तुम्हारा' भी लिखा था। पियूष पांडे का निधन 23 अक्तूबर 2025 को हुआ।
4. असरानी
क्लासिक कल्ट फिल्म 'शोले' में अंग्रेजों के जमाने के जेलर बने गोवर्धन असरानी का फेंफड़ों के संक्रमण की वजह से मृत्यु हो गयी। उन्होंने 84 साल की उम्र में 20 अक्तूबर 2025 को दुनिया को अलविदा कहा।
5. पंकज धीर
पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे पंकज धीर ने 15 अक्तूबर 2025 को अपनी आखिरी सांस ली। वह बी. आर. चोपड़ा के आइकॉनिक टीवी शो 'महाभारत' में युधिष्ठिर और नीरजा गुलेरी के शो 'चंद्रकांता' में शिव दत्त का किरदार निभा कर घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे।
6. जुबीन गर्ग
बॉलीवुड फिल्म 'गैंगस्टर' का गाना 'या आली' गाकर फैंस के दिलों में अपनी जगह पक्की करने वाले असम के प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्म की मृत्यु 52 वर्ष की उम्र में सिंगापुर में समुद्र में स्विमिंग करते समय हो गयी थी। हालांकि इस मामले की अभी तक जांच चल रही है। जुबिन की मौत 19 सितंबर 2025 को हुई।
7. शेफाली जरीवाला
कार्डियक अरेस्ट की वजह से 'कांटा लगा गर्ल' शेफाली जरीवाला की मौत 27 जून 2025 को हो गयी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उनका ब्लड प्रेशर अचानक लो गया था। शेफाली ने मात्र 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा।
8. मनोज कुमार
देशभक्ति फिल्मों में भारत कुमार के नाम से लोकप्रिय मनोज कुमार का निधन 4 अप्रैल 2025 को हुआ। मनोज कुमार का असली नाम हरिकृष्ण गिरी गोस्वामी था। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 87 वर्षीय मनोज कुमार का निधन दिल से संबंधित बीमारी के कारण हुआ।