मुंबईः डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म PhonePe ने शनिवार को एक नया AI-पावर्ड नैचुरल लैंग्वेज सर्च फीचर लॉन्च किया है। यह फीचर Microsoft के Microsoft Foundry प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। इसकी मदद से यूजर अब ऐप में नेविगेट करने, पेमेंट करने और ट्रांजैक्शन ट्रैक करने जैसे काम सिर्फ साधारण वॉइस या टेक्स्ट कमांड से कर सकेंगे।
मेन्यू नहीं, अब बातचीत से होगा काम
PhonePe ने अपने बयान में कहा कि यह फीचर पारंपरिक मेन्यू-आधारित नेविगेशन की जगह इंटेंट-बेस्ड रूटिंग लाता है। यानी यूजर जो कहना चाहते हैं, ऐप उसी के मुताबिक समझकर अगला कदम खुद तय करेगा।
उदाहरण के तौर पर, अगर कोई यूजर लिखता या बोलता है –“Pay Hemanth 20 rupees” तो ऐप अपने-आप पेमेंट स्क्रीन खोल देगा और संबंधित व्यक्ति को चुन लेगा।
“Recharge FASTag” या “Gold price” लिखने पर सीधे संबंधित सेवा या जानकारी वाले पेज पर पहुंचा देगा।
यह टूल सिर्फ नेविगेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि यूजर के इरादे को समझकर पेमेंट, खरीदारी या सपोर्ट जैसी जरूरतों को भी पहचानता है।
डेटा रहेगा सुरक्षित
कंपनी के अनुसार यह फीचर हाइब्रिड मॉडल पर काम करता है, जिसमें ऑन-डिवाइस और क्लाउड दोनों तरह की प्रोसेसिंग शामिल है। खास बात यह है कि कोई भी व्यक्तिगत या लेनदेन से जुड़ा डेटा PhonePe के इकोसिस्टम से बाहर नहीं जाएगा, जिससे प्राइवेसी और सुरक्षा बनी रहे।
“पेमेंट ऐप अब सिर्फ ट्रांजैक्शन टूल नहीं”
PhonePe के फाउंडर, होल-टाइम डायरेक्टर और CTO राहुल छरी ने कहा कि यह लॉन्च पेमेंट ऐप्स को केवल लेनदेन के साधन से आगे ले जाकर इंटेलिजेंट और यूजर-केंद्रित प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में पहला कदम है।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य हर भारतीय के लिए पेमेंट को आसान बनाना है। AI हमें ऐसा इंटरफेस बनाने में मदद करता है जो यूजर की जरूरत को समझे, न कि सिर्फ इनपुट को। इंटेलिजेंस ही भविष्य है और यह प्राइवेसी से समझौता किए बिना बेहतर अनुभव देता है।”
Microsoft का समर्थन
Microsoft इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक ने कहा कि भारत में डिजिटल सेवाओं के साथ नैचुरल लैंग्वेज इंटरफेस का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि Microsoft Foundry ऐसे सुरक्षित और स्केलेबल डिजिटल अनुभव तैयार करने में मदद करता है, जिससे PhonePe जैसे इनोवेटर्स लाखों यूजर्स के लिए बेहतर और सहज उत्पाद बना सकें।
यह नया फीचर भारत में चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। यूजर इसे ऐप के Global Search Bar, Help Center और History Tab के जरिए इस्तेमाल कर सकेंगे।
65 करोड़ से ज्यादा यूजर वाला प्लेटफॉर्म
2016 में स्थापित PhonePe, भारत में स्थित एक प्रमुख डिजिटल पेमेंट और फाइनेंशियल सर्विसेज प्लेटफॉर्म है। 30 सितंबर 2025 तक कंपनी के पास 65 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड यूजर और 4.7 करोड़ से ज्यादा मर्चेंट नेटवर्क था।