नई दिल्लीः माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में “Microsoft Elevate for Educators” नाम से एक नई पहल शुरू की है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य 2030 तक 20 लाख शिक्षकों को AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में प्रशिक्षित करना और 2 लाख स्कूलों व शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच बनाना है। भारत इस पहल को लॉन्च करने वाला एशिया का पहला देश है।
क्यों खास है यह पहल?
रोजमर्रा की पढ़ाई और काम में AI शामिल हो चुका है। इसकी समझ बच्चों और शिक्षकों दोनों के लिए जरूरी हो गई है। इस बार AI की अगली क्रांति कक्षाओं में शुरू होगी, जहां छात्र सीखते हैं, सोच विकसित करते हैं और तकनीक का जिम्मेदार उपयोग सीखते हैं।
भारत की सबसे बड़ी कक्षा
भारत में 20 करोड़ से अधिक छात्र और लगभग 1 करोड़ शिक्षक हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट के वाइस चेयरमैन और प्रेसिडेंट Brad Smith ने कहा कि AI शिक्षा में शामिल होकर शिक्षकों और छात्रों के लिए नए अवसर खोलेगा। इसके साथ ही शिक्षा में विश्वास और मानवीय निर्णय बनाए रखेगा।
शिक्षकों के लिए नया अवसर
माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक ने बताया कि AI का सही और जिम्मेदार उपयोग सबसे बड़ा अंतर पैदा करेगा। इसकी शुरुआत शिक्षकों से होती है। Microsoft Elevate for Educators के माध्यम से शिक्षकों को इस परिवर्तन का केंद्र बनाया जाएगा।
शुरुआत और साझेदारी
इस कार्यक्रम की शुरुआत CM Shri School में हुई। अब इसे दिल्ली के 75 CM Shri स्कूलों में लागू किया जाएगा। इसे CBSE, NCERT, AICTE, NCVET, DGT और राज्य शिक्षा विभाग के साथ मिलकर चलाया जाएगा। इसका लक्ष्य करीब 80 लाख छात्रों तक AI शिक्षा पहुंचाना है।
फायदा क्या होगा?
-शिक्षकों को AI का ज्ञान और प्रशिक्षण मिलेगा।
-छात्रों में तकनीकी और तार्किक सोच का विकास होगा।
-शिक्षा में AI का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग।
-भारत AI-फर्स्ट राष्ट्र बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगा।
नई शिक्षा नीति National Education Policy 2020 के तहत इस शैक्षणिक वर्ष से कक्षा 3 से ही AI और कंप्यूटेशनल थिंकिंग पढ़ाई में शामिल किया जाएगा। Microsoft का यह कार्यक्रम नीति को कक्षाओं तक पहुंचाने और AI को भरोसे और जिम्मेदारी के साथ लागू करने में मदद करेगा।