नई दिल्ली : कई प्रमुख भारतीय कंपनियों को एआई समाधान उपलब्ध कराने वाली अमेरिकी कंपनी सर्विसनाउ भारत में अपने विस्तार की योजना बना रही है। कंपनी का कहना है कि देश में विभिन्न क्षेत्रों में एआई को तेजी से अपनाया जा रहा है।
सर्विसनाउ ने टीसीएस, कॉग्निजेंट, एलटीआईमाइंडट्री और टेक महिंद्रा जैसी आईटी कंपनियों के साथ साझेदारी की है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार भविष्य में इस तरह के और सहयोग किए जाएंगे।
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान पीटीआई से बातचीत में सर्विसनाउ के प्रेसिडेंट, चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमित जावेरी ने कहा कि बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र एआई के लिए बड़ा विकास क्षेत्र बनकर उभरा है। इसी तरह खुदरा क्षेत्र में भी एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र भी अब नागरिक सेवाओं और संगठनात्मक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए एआई अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में विनिर्माण क्षेत्र में भी एआई का उपयोग बढ़ेगा। जावेरी ने कहा कि कई विनिर्माण कंपनियां अपनी परिचालन क्षमता बढ़ाने और आधुनिकीकरण के लिए एआई समाधान अपनाने में रुचि दिखा रही हैं।
सर्विसनाउ द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में उन्होंने बताया कि कंपनी उद्योग-विशिष्ट एआई एजेंट और समाधान विकसित कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों की विशेषज्ञता का उपयोग कर ऐसे समाधान तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें ग्राहकों को संयुक्त रूप से उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा, खुदरा, वित्तीय सेवाओं और सार्वजनिक क्षेत्र में ‘सॉवरेन क्लाउड’ की मांग बढ़ रही है। इन क्षेत्रों में सहयोग भी मजबूत हुआ है।
कंपनी ने एआई नियंत्रित टावर जैसी तकनीक विकसित की है, जो एआई तैनाती पर निगरानी और नियंत्रण की सुविधा देती है। इसके अलावा सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन, अनुपालन, ऑडिटिंग और प्रबंधन से जुड़े समाधान भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ‘सीपीक्यू’ (कन्फिगर, प्राइस, कोट) क्षेत्र में भी कंपनी विस्तार कर रही है।
सर्विसनाउ के भारत में 5,000 से अधिक कर्मचारी हैं, जो उसके वैश्विक कार्यबल का लगभग 20 प्रतिशत हैं। कंपनी के वैश्विक अनुसंधान एवं विकास का 45 प्रतिशत से अधिक हिस्सा भारत में स्थित है।