🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

एंथ्रोपिक के AI मॉडल पर अमेरिकी रोक, सुरक्षा खामी बना बड़ा मुद्दा

फेबल 5 मॉडल की सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार करने के आरोपों के बाद व्हाइट हाउस और पेंटागन ने राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

By डॉ. अभिज्ञात

Jun 14, 2026 13:24 IST

वॉशिंगटनःअमेरिकी राष्ट्रपति की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सलाहकार परिषद के सह-अध्यक्ष डेविड सैक्स ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रशासन चाहता है कि एंथ्रोपिक अपने फेबल मॉडल में बताई गई सुरक्षा खामी को दूर करे। उनका कहना है कि समस्या का समाधान होने पर राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर लगाया गया निर्यात नियंत्रण जल्द हटाया जा सकता है।

क्या है विवाद की वजह?

एंथ्रोपिक ने इसी सप्ताह अपना नया AI मॉडल 'क्लॉड फेबल 5’ जारी किया था। कंपनी ने 9 जून के बयान में स्वीकार किया था कि इतने सक्षम मॉडल के साथ कुछ जोखिम भी जुड़े हैं, इसलिए कुछ संवेदनशील विषयों पर सुरक्षा अवरोध (गार्डरेल) लगाए गए हैं। हालांकि अमेरिकी सरकार का मानना है कि इन सुरक्षा अवरोधों को एक विशेष तकनीक के जरिए दरकिनार किया जा सकता है। इसे 'जेलब्रेक' कहा जाता है, जिसके माध्यम से मॉडल का उपयोग सॉफ्टवेयर कमजोरियां खोजने या हथियार एवं विस्फोटक जैसी अवैध जानकारी प्राप्त करने में किया जा सकता है।

एंथ्रोपिक का पक्ष

12 जून को जारी बयान में एंथ्रोपिक ने कहा कि अमेरिकी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारों का उपयोग करते हुए सभी विदेशी नागरिकों, चाहे वे अमेरिका के भीतर हों या बाहर, के लिए फेबल 5 और मिथोस 5 की पहुंच निलंबित करने का निर्देश दिया है।

कंपनी के अनुसार आदेश का पालन करने के लिए दोनों मॉडलों को तत्काल बंद करना पड़ा जबकि अन्य एंथ्रोपिक मॉडल प्रभावित नहीं हुए हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि सरकारी पत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का विस्तृत विवरण नहीं दिया गया था। एंथ्रोपिक का दावा है कि जिस तकनीक का प्रदर्शन किया गया, उससे केवल कुछ पहले से ज्ञात और अपेक्षाकृत मामूली कमजोरियों की पहचान हुई। कंपनी के अनुसार ऐसे परिणाम अन्य सार्वजनिक एआई मॉडल भी बिना किसी सुरक्षा अवरोध तोड़े हासिल कर सकते हैं। कंपनी ने इस पूरे मामले को "गलतफहमी" बताते हुए सेवाएं जल्द बहाल करने की उम्मीद जताई है।

सैक्स ने एंथ्रोपिक की प्रतिक्रिया पर उठाए सवाल

डेविड सैक्स ने कहा कि एंथ्रोपिक और अमेरिकी सरकार दोनों के विश्वसनीय साझेदार ने फेबल मॉडल के सुरक्षा अवरोधों को तोड़ने का तरीका सामने रखा था। उनके अनुसार प्रशासन ने एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डारियो अमोडेई से इसे ठीक करने या मॉडल को वापस लेने का आग्रह किया लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। सैक्स ने एंथ्रोपिक के सार्वजनिक बयान की आलोचना करते हुए कहा कि कंपनी इस समस्या को गंभीर नहीं मान रही, जबकि सरकार और संबंधित विशेषज्ञों की राय अलग है। उन्होंने यह भी कहा कि एंथ्रोपिक स्वयं को एआई सुरक्षा पर केंद्रित कंपनी बताती रही है और पहले मिथोस मॉडल को "साइबर हथियार" जैसी क्षमता वाला मॉडल कहकर नियमन की आवश्यकता पर जोर देती रही है।

प्रशासन का रुख और आगे की राह

सैक्स ने कहा कि निर्यात नियंत्रण का फैसला अनिच्छा के साथ लिया गया था और उन्हें आश्चर्य है कि कंपनी ने सुरक्षा संबंधी 'उचित अनुरोध' पर सहयोग नहीं किया। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन एंथ्रोपिक की तकनीकी क्षमताओं को महत्व देता है और यह समस्या आसानी से हल की जा सकती है। उनके अनुसार अब अगला कदम एंथ्रोपिक के हाथ में है। उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज किया जिनमें इस कार्रवाई को कंपनी से जुड़े पुराने विवादों से जोड़कर देखा जा रहा था।

पेंटागन अधिकारी ने भी किया समर्थन

अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) की मुख्य सूचना अधिकारी किर्स्टन डेविस ने भी सोशल मीडिया पर प्रशासन के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य कर्मियों, रक्षा उद्योग सहयोगियों, महत्वपूर्ण अवसंरचना तथा सहयोगी देशों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है। डेविस ने कहा कि राजस्व, प्रचार या बाजार मूल्यांकन से कहीं अधिक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय हित और सुरक्षा हैं तथा प्रशासन की नीति अमेरिका फर्स्ट इसी प्राथमिकता को दर्शाती है।

Articles you may like: