मेदिनीपुरः विवादित बयानों को लेकर कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे आमजनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष और नवदा विधायक हुमायूं कबीर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दो अलग-अलग मामलों में अब पुलिस ने उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
मंगलवार सुबह करीब 11:40 बजे शक्तिपुर थाना और रेजिनगर थाना की पुलिस हुमायूं कबीर के आवास पर समन लेकर पहुंची। पुलिस ने उन्हें दोनों मामलों में निर्धारित तिथियों पर संबंधित थानों में उपस्थित होने का नोटिस सौंपा।
नोटिस के अनुसार, हुमायूं कबीर को 3 जुलाई को शक्तिपुर थाने और 4 जुलाई को रेजिनगर थाने में उपस्थित होकर जांच में सहयोग करने के लिए कहा गया है। दोनों समन उन सभाओं में दिए गए उनके विवादित भाषणों से जुड़े मामलों के सिलसिले में जारी किए गए हैं।
हालांकि, जब पुलिस उनके घर पहुंची, उस समय विधायक अपने निवास पर मौजूद नहीं थे। जानकारी के अनुसार, रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र के शक्तिपुर थाना अंतर्गत नारकेलबाड़ी घाट के पास स्थित उनके घर पर पुलिस पहुंची थी। हालांकि हुमायूं कबीर फिलहाल कोलकाता में हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले इन्हीं दोनों सभाओं के तीन आयोजकों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब जांच के अगले चरण में हुमायूं कबीर को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।