आनंदपुर अग्निकांड में अब मोमो निर्माता कंपनी के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार दोनों कर्मचारियों को गुरुवार (29 जनवरी) की रात को नरेंद्रपुर इलाके से ही गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार दोनों कर्मचारियों का नाम मनोरंजन सीट और राजा चक्रवर्ती बताया जाता है। मनोरंजन उक्त मोमो निर्माता कंपनी का मैनेजर और राजा चक्रवर्ती कंपनी का डेप्यूटी मैनेजर था।
इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या 3 हो गयी है।
गत 25 जनवरी (रविवार) की देर रात को नरेंद्रपुर थानांतर्गत आनंदपुर के नजीराबाद इलाके में एक डेकोरेटर्स के गोदाम में भीषण आग लग गयी थी। सूत्रों का दावा है कि वह आग बाद में पास में ही मौजूद मोमो बनाने की फैक्ट्री में भी फैल गयी थी। अगलगी की जानकारी मिलते ही तुरंत दमकल के 12 इंजन मौके पर पहुंचे और लंबी कोशिशों के बाद आखिरकार मंगलवार को आग पर नियंत्रण पाया जा सका था।
Read Also | आनंदपुर में बरामद देहांशों की पहचान में कैसे DNA बनेगा जरिया? कैसे होगा उनका मिलान? समझिए यहां
यानी 24 घंटे से भी अधिक समय तक वह आग जलती रही थी। बताया जाता है कि जिस समय आग लगी तब उस गोदाम और कारखाना में कई कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगने की इस घटना के बाद से ही लगभग 28 लोग लापता बताए जाते हैं। सूत्रों का दावा है कि अब तक 25 देहांश बरामद किए जा चुके हैं।
आरोप लगाया जा रहा है कि उक्त गोदाम और मोमो बनाने की फैक्ट्री में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी। राज्य के दमकल मंत्री सुजीत बसु ने मौके पर जायजा लिया था और बताया कि FIR की जाएगी। पुलिस ने भी खुद संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। इस बीच गोदाम के मालिक गंगाधर दास को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही मोमो बनाने वाली कंपनी के खिलाफ भी लापरवाही का आरोप लग रहा है।
बुधवार की आधी रात से दुर्घटनास्थल से 100 मीटर के दायरे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 (IPC की धारा 144) को लागू किया गया है। घटना का राजनैतिकरण भी शुरू हो चुका है। शुक्रवार को इस घटना के पीछे सटीक निगरानी न करने का आरोप लगाते हुए विधानसभा में विरोधी पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी गड़िया के शीतला मंदिर से नरेंद्रपुर रेल स्टेशन तक जुलूस निकालने वाले हैं।