बनगांव के कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती ने उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस घटना में कार्यक्रम के आयोजक तनय शास्त्री को मुख्य आरोपी बनाया गया था जिन्हें गुरुवार को बनगांव थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि तनय शास्त्री को जब गिरफ्तार करके ले जाया जा रहा था तब उनके समर्थकों की भारी भीड़ थाना परिसर में पहुंच गयी। जिस वजह से थाना में तनाव का माहौल पैदा हो गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गत रविवार को बनगांव के नयागोपालगंज इलाके में युवक संघ द्वारा संचालित एक वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती पहुंची थी।
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान क्लब के एक कार्यकर्ता तनय शास्त्री अचानक मंच पर पहुंच गए। उन्होंने मिमी चक्रवर्ती को उनकी प्रस्तुति देने से रोका और मंच से उतर जाने के लिए कहा। इस घटना के बाद मिमी चक्रवर्ती खुद को अपमानित और उत्पीड़न का शिकार मान रही हैं।
वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम के आयोजकों का दावा है कि अभिनेत्री निर्धारित समय से काफी देर बाद पहुंची थी। दावा किया जा रहा है कि मिमी चक्रवर्ती को कार्यक्रम में रात 10 बजे पहुंचना था लेकिन वह रात 11.45 बजे पहुंची। कुछ ही दिनों में माध्यमिक परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं।
इसलिए माइक बजाकर चल रहे कार्यक्रम को रात 12 बजे तक खत्म करने का आदेश दिया गया था। इस वजह से वे प्रशासन के आदेशानुसार मात्र 15 मिनट में कार्यक्रम को खत्म करने में बाध्य हुए।
पुलिस का कहना है कि परिस्थिति भले ही तनावपूर्ण हो गया था लेकिन किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। बताया जाता है कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिस्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बस की तैनाती की गयी है।