इस्लामपुर का नाम बदलकर 'ईश्वरपुर' कर दिया जाएगा। यह मांग उठायी है भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन (Nitin Nabin) ने। उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर शहर से सटे श्रीकृष्णपुर इलाके में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में हिस्सा लेने पहुंचे नीतिन नबीन ने यह मांग रखी है।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य की तृणमूल सरकार के खिलाफ बांग्लादेशी घुसपैठियों को सुरक्षा प्रदान करने, भ्रष्टाचार और आम लोगों पर अत्याचार का आरोप भी लगाया। परिवर्तन यात्रा में स्थानीय सांसद कार्तिक चंद्र पाल और पूर्व सांसद दिलीप घोष ने भी हिस्सा लिया।
नीतिन नबीन ने परिवर्तन यात्रा से घोषणा करते हुए कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो इस्लामपुर का नाम बदलकर ईश्वरपुर कर दिया जाएगा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बंगाल में धोखेबाजी की सरकार चल रही है। आम लोगों के वोट से चुनाव में जीतकर सत्ता में आने के बाद अब तृणमूल विभिन्न प्रकार से लोगों को ही धोखे दे रही है। महिला सुरक्षा को लेकर कटाक्ष करते हुए नबीन ने कहा कि सिर्फ जुबान से कहा जा रहा है कि मां, माटी, मानुष की सरकार है लेकिन इस राज्य में कोई महिला ही सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए आम लोगों को भतीजे (अभिषेक बनर्जी) और उनके गुंडों को हफ्ता-टैक्स देना पड़ता है। देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर कांटातार की बाड़ लगाने के लिए जमीन मांगने पर सरकार ने जमीन तक नहीं दी। बल्कि घुसपैठियों को वैध कागजात बनाकर दिए जा रहे हैं।
ममता बनर्जी की सुप्रीम कोर्ट में दलील पेश करने के मामले पर तीखा वार करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जब 50 लाख अवैध बांग्लादेशियों को बाहर निकालने की तैयारियां करता है तब दीदी (ममता बनर्जी) काला कोट पहनकर सुप्रीम कोर्ट में खड़ी हो जाती है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश को सुरक्षित रखने और वर्तमान सरकार को सजा देने के लिए राज्य में परिवर्तन यात्रा का आह्वान किया गया है।