मकर संक्रांति के अगले दिन गुरुवार को कोलकाता का मौसम सुहाना बना रहा। सुबह से धुप खिली जिसकी वजह से ठंड होने के बावजूद मौसम काफी सुहावना बना रहा। गुरुवार (15 जनवरी) की सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बात अगर अधिकतम तापमान की करें तो पारा 25.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
हालांकि सुहाने मौसम के बावजूद कोलकाता के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ने पर्यावरण विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। मिली जानकारी के अनुसार मकर संक्रांति वाले दिन कोलकाता का AQI बहुत गंभीर श्रेणी में पहुंच गया था। हालांकि आशंका जतायी जा रही है कि जल्द ही तापमान अब बढ़ना शुरू होने वाला है।
गुरुवार की सुबह से ही मौसम साफ रहने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। बताया जाता है कि गुरुवार को बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। इस वजह से दृश्यता भी करीब 10 किलोमीटर तक बनी रहेगी। हवा की गति 16.2 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की संभावना है, जिसकी वजह से हल्की-हल्की हवा बहेगी और सिहरन बनी रहेगी। लेकिन बात अगर वायु प्रदूषण की करें तो वायु की गुणवत्ता विशेषज्ञों की चिंता को बढ़ा रहा है।
शहरी इलाकों में धुल-कणों के साथ-साथ हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड की उपस्थिति ने भी स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। TOI की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड की उपस्थिति 304 दर्ज की गयी थी।
कहां कितना रहा AQI (सुबह 10 बजे)?
विक्टोरिया मेमोरियल - AQI 235 (Poor)
बालीगंज - AQI 265 (Poor)
विधाननगर - AQI 239 (Poor)
फोर्ट विलियम्स - AQI 216 (Poor)
रवींद्र भारती यूनिवर्सिटी - AQI 251 (Poor)
(राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिली जानकारी के आधार पर)
बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोलकाता में धूप खिलेगी और उसके साथ ही तापमान में भी हल्की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। बताया जाता है कि 21 जनवरी तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 26.5 डिग्री सेल्सियस और उसके बाद 16, 17 और 18 जनवरी को क्रमशः 27.1 डिग्री सेल्सियस और 28.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
अगले सप्ताह तक कोलकाता का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। 20 और 21 जनवरी तक तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही रात के समय का तापमान भी अब धीरे-धीरे बढ़ेगा जिसके साथ ही लगता है कि ठंड के धीरे-धीरे विदा होने का समय अब जल्द ही आने वाला है।