नए साल में भी कोलकाता मेट्रो की पुरानी समस्या बरकरार रही। सप्ताह के पहले दिन ही कोलकाता मेट्रो के ब्लू लाइन में यात्री सेवाएं बाधित हुई जिसकी वजह से ऑफिस जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई। मिली जानकारी के अनुसार मेट्रो के एक खाली रेक में यांत्रिक त्रुटि आने की वजह से टॉलीगंज (महानायक उत्तम कुमार) और शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन के बीच यात्री सेवाएं कुछ देर तक प्रभावित हुई।
मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मेट्रो कर्मी तत्पर हुए और यात्री सेवाओं को सामान्य रूप से फिर से बहाल किया गया। हालांकि सप्ताह का पहला दिन और ऑफिस जाने का समय होने की वजह से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन से एक खाली रेक को घुमा कर लाते समय ही बीच रास्ते में वह अचानक खराब हो गयी। बताया जाता है कि इस वजह से ही यह परेशानी उत्पन्न हुई। इस कारण शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर की ओर आने वाली मेट्रो सेवा कुछ देर के लिए प्रभावित भी हुई।
हालांकि मेट्रो रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान दक्षिणेश्वर से टॉलीगंज के बीच अप व डाउन लाउन पर मेट्रो सेवाएं बहाल रही। अप व डाउन लाइन पर कूदघाट से शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन के बीच यात्री सेवाएं कुछ देर तक बंद रखनी पड़ी थी।
इस वजह से यात्रियों में भी काफी नाराजगी दिखाई दे रही थी। यात्रियों का आरोप है कि मेट्रो की नई लाइनों का विस्तार हो रहा है लेकिन ब्लू लाइन की जर्जर हालत जस की तस बनी हुई है। न तो मेट्रो अपने सही समय पर चलती है और चलती है भी तो मेट्रो का दरवाजा बंद न होना एक बड़ा सिरदर्द बन गया है। कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के ही मेट्रो को रद्द कर दिया जाता है। स्टेशनों पर घोषणाएं तक नहीं होती है। इस वजह से यात्रियों को जिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, मेट्रो उन पर कोई कदम नहीं उठा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब 1 घंटा तक मेट्रो सेवाएं प्रभावित रही।