गुरुवार को कोलकाता मेट्रो के ब्लू लाइन में एक बार फिर से आत्महत्या की कोशिश की गयी। गुरुवार की दोपहर को करीब 3 बजे नेताजी मेट्रो स्टेशन (कुंदघाट इलाका) पर मेट्रो के सामने कूदकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जाता है कि इस वजह से लंबे समय तक मेट्रो सेवाएं प्रभावित रही।
वर्तमान में दक्षिणेश्वर से मैदान स्टेशन के बीच अप व डाउन लाइनों पर मेट्रो सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। अप व डाउन दोनों लाइनों पर ही शहीद खुदीराम से रवींद्र सदन मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से बंद हैं।
कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के बंद होने के बाद से ही ब्लू लाइन पर मेट्रो यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन से दक्षिणेश्वर तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होती हैं। इसके ऊपर से ही सप्ताह में कामकाज के दिन इतनी बड़ी घटना के होने की वजह से यात्रियों को बड़ी परेशानी हुई।
मेट्रो सेवाएं प्रभावित होने की वजह से दक्षिण उपनगरीय इलाकों और दक्षिण कोलकाता से लेकर उत्तरी उपनगरीय इलाकों व मुख्य कोलकाता इलाके के यात्रियों को सबसे बड़ी मुश्किल हुई। जो यात्री एस्प्लेनेड में उतरकर ब्लू व ग्रीन लाइन पर मेट्रो पकड़ेंगे, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी होगी। शहीद खुदीराम से रवींद्र सदन तक मेट्रो सेवाओं के बंद रहने की वजह से यात्रियों को समस्याएं हो रही हैं।