मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने न्यू टाउन में 'दुर्गा आंगन' की नींव रखी। इसके साथ ही सोमवार को ही ममता बनर्जी ने घोषणा कर दी कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में सिलीगुड़ी में महाकाल मंदिर की नींव रखी जाएगी। ममता बनर्जी ने कहा कि 'दुर्गा आंगन' को बंगाल की संस्कृति और इतिहास का 'मिलन स्थल' बनेगा। उन्होंने कहा कि यह बंगाल के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। बंगाल के ताज में एक नया पंख जुड़ गया है।
'दुर्गा आंगन' में क्या-क्या होगा खास?
न्यू टाउन में 'दुर्गा अंगना' 17 एकड़ में बनाया जाएगा। दीघा में जिस कलाकार व कारीगर ने जगन्नाथ मंदिर का निर्माण किया, वहीं 'दुर्गा आंगन' का निर्माण भी करेंगे। बताया जाता है कि मुख्य गर्भगृह की ऊंचाई लगभग 54 मीटर होगी। शास्त्रीय नियमानुसार इस मंदिर में 108 देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित होंगी। इसके साथ ही शेर की 64 मूर्तियां होंगी।
मुख्य मंदिर के अलावा, एक पवित्र तालाब और एक सिंह द्वार बनेगा। मंदिर में भगवान शिव, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती, कार्तिक और गणेश के लिए अलग-अलग मंदिर होंगे। मंदिर में एक सांस्कृतिक म्यूजियम का निर्माण भी किया जाएगा।
मुख्य मंदिर के चारों ओर खुली जगह होगी जहां परिक्रमा के लिए 20 फुट चौड़ा रास्ता बनाया जाएगा। इसे 1008 खंभों और डिजाइनों वाले मेहराबों से सजाया जाएगा। मुख्य मंदिर के बीच में खुली जगह रहेगी जहां एक साथ में लगभग 1000 लोग बैठ सकेंगे। पूरे 'दुर्गा आंगन' में हर दिन एक लाख पर्यटकों का स्वागत किया जाएगा। पूरे इलाके में 300 पेड़ और 1,000 पौधे लगाए जाएंगे। राज्य के मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक ट्रस्ट बनाया गया है। इस सांस्कृतिक केंद्र के देखभाल की जिम्मेदारी इस ट्रस्ट पर ही होगी।
जमीन के बारे में क्या कहा?
ईको पार्क के सामने वाली जमीन के बजाय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का यह ड्रीम प्रोजेक्ट एक्शन एरिया वन में न्यू टाउन बस टर्मिनस के सामने वाली जमीन पर बन रहा है। पहले इस परियोजना के लिए एक अलग जगह की पहचान की गई थी। ममता बनर्जी ने बताया कि मैंने पहले जो जमीन देखी थी, वह 12 एकड़ थी।
मैंने कहा जब निर्माण ही किया जा रहा है तब अच्छी तरह से होगा। अगर आप कुछ बड़ा करना चाहते हैं तो आपको कार पार्किंग, दुकानों, सांस्कृतिक केंद्रों के लिए जगह चाहिए। बाद में मैंने देखा कि यह जगह 17.28 एकड़ है। यह जगह मेन रोड, एयरपोर्ट के पास है। कम्युनिकेशन सिस्टम भी बेहतर हुआ है। लोगों को आने-जाने में आसानी होगी।
रोजगार बढ़ने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उम्मीद है कि दुर्गा आंगन की वजह से रोजगार बढ़ेगा। उन्होंने कहा, "दुर्गा आंगन संस्कृति और धार्मिक अभ्यास के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे स्थानीय उद्योग और रोजगार बढ़ेगा। पर्यटन उद्योग बढ़ेगा। व्यापार बढ़ेगा।" मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस निर्माण से कई स्वयं सहायता समूहों को आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।