बुधवार और गुरुवार को लगातार दो दिनों तक कोलकाता का न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस बना रहा। लेकिन शुक्रवार की रात से पारा चढ़ने लगा है। महानगर में शुक्रवार की रात को तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज हुई, जो बढ़कर 17.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सिर्फ कोलकाता नहीं बल्कि दक्षिण बंगाल के कई और जगहों पर भी रात के समय का तापमान बढ़ सकता है।
रविवार को मौसम विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार से दक्षिण बंगाल में रात के समय का तापमान कुछ बढ़ने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम की ओर आने वाली ठंडी और शुष्क हवा के बहाव का थोड़ा कमजोर पड़ जाने की वजह और उत्तरी हवा के बहाव की दिशा में परिवर्तन आने की वजह से बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवा ने देश के स्थल भाग में प्रवेश करना शुरू कर दिया है। लेकिन मौसम विशेषज्ञ सही नहीं मान रहे हैं। इसे एक प्रकार से कहा जा रहा है कि ठंड आने के साथ-साथ ही विदा भी होने जैसी परिस्थिति पैदा हो गयी है।
क्या विदा हो रही है ठंड?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड विदा नहीं हो रही है बल्कि यह सिर्फ कुछ दिनों के लिए आराम करते हुए ठहर गयी है। कोलकाता के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आयी है लेकिन महानगर के न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों तापमान ही फिलहाल सामान्य से ढाई डिग्री नीचे बना हुआ है।
हालांकि दक्षिण बंगाल में पश्चिमी जिलों में रात के समय अच्छी-खासी ठंड महसूस हो रही है। शनिवार की रात को पुरुलिया का तापमान 12 डिग्री, श्रीनिकेतन का तापमान 13 डिग्री और बांकुड़ा का तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा। शनिवार को राज्य भर में सबसे कम तापमान दार्जिलिंग का रहा, जहां तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस पर चला गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस सप्ताह कोलकाता का न्यूनतम और अधिकतम दोनों तरह का तापमान ही बढ़ सकता है। लेकिन अगले सप्ताह के बारे में संभावना जतायी गयी है कि फिर उत्तरी हवाओं के प्रवेश करने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।