🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

किफाल्क एवं यापनचित्र सर्वभारतीय कविता सम्मान -2026 से सम्मानित किए जाएंगे प्रो. जितेंद्र श्रीवास्तव

By लखन भारती

Feb 11, 2026 18:01 IST

कोलकाता: सुप्रसिद्ध साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था कोलकाता इंटरनेशनल फाउंडेशन फॉर आर्ट, लिटरेचर एंड कल्चर तथा यापनचित्र पत्रिका द्वारा भारतीय कविता में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिवर्ष दिया जाने वाला किफाल्क एवं यापनचित्र सर्वभारतीय कविता सम्मान-2026 प्रतिष्ठित हिंदी कवि जितेंद्र श्रीवास्तव को प्रदान किया जाएगा।

प्रो. जितेंद्र श्रीवास्तव समकालीन हिंदी साहित्य के महत्वपूर्ण कवि, चिंतक और अध्येता हैं, जिनकी रचनात्मकता में समय की धड़कन और मनुष्य की अंतरात्मा का संवाद एक साथ स्पंदित होता है। उनकी कविताएँ जीवन के साधारण दृश्यों में छिपे असाधारण अर्थों को उद्घाटित करती हैं। वे स्मृति, विस्थापन, सामाजिक असमानता, मानवीय करुणा और बदलते सांस्कृतिक परिदृश्य जैसे विषयों को सूक्ष्म संवेदना और वैचारिक गहराई के साथ व्यक्त करते हैं। उनकी भाषा सरल होते हुए भी बहुस्तरीय है; उसमें लोकधर्मी ऊष्मा और बौद्धिक सजगता का संतुलित समन्वय मिलता है। जितेंद्र श्रीवास्तव का समूचा साहित्य मनुष्य की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवेदनात्मक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। कविता एवं आलोचना पर केंद्रित उनकी तीस से अधिक किताबें अब तक प्रकाशित हुई हैं। उन्हें कविता का प्रतिष्ठित भारत भूषण अग्रवाल सम्मान एवं भारतीय भाषा परिषद युवा सम्मान सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुका है। साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए उनकी किताबें एकाधिक बार अंतिम सूची में शामिल हो चुकी हैं। वर्तमान में वे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार एवं अंतर्राष्ट्रीय विभाग में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।

साहित्य और समाज के बीच अपने लेखन द्वारा सक्रिय संवाद स्थापित करने की उनकी निरंतर कोशिश को मान्यता देते हुए संस्था ने उन्हें यह सम्मान देने की घोषणा की है। ध्यातव्य है कि संस्था द्वारा यह सम्मान प्रत्येक वर्ष किसी भारतीय भाषा के कवि को कविता के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जाता है। इन्हें यह पुरस्कार किफाल्क एवं यापनचित्र द्वारा आयोजित साहित्य उत्सव 'यापनचित्र-2026' के दौरान 27 फरवरी को शिशिर मंच सभागार में प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष संस्था द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन 26, 27, 28 फरवरी और 1 मार्च को कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन की विशिष्टता यह है कि इसमें कई विधाओं को साथ में समेटा गया है। इस आयोजन में आलोचना, कविता, नृत्य, संगीत जैसी विधाओं की प्रस्तुति की जाएगी जिसमें देश विदेश से कई महत्वपूर्ण साहित्यकार एवं कलाकार हिस्सेदारी करेंगे। कोलकाता के साहित्यिक परिदृश्य में लगातार चौथे वर्ष संस्था का यह आयोजन एक अनूठा प्रयास होगा।

यापनचित्र फाउंडेशन के ट्रस्टी, पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं प्रसिद्ध हिंदी कवि मृत्युंजय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।

Prev Article
कोलकाता की सड़कों पर उतरेगी 25 CNG बसें, सर्वेक्षण के बाद मार्ग हुआ तय
Next Article
नबान्न ने कहा भारत बंद में ऑफिस में काम नहीं किया तो कोई 'पगार' भी नहीं मिलेगी

Articles you may like: