कोलकाताः अंतरिम बजट में 'बंगाल के युवा साथी' परियोजना की घोषणा ममता बनर्जी की सरकार ने की है। इस परियोजना में 21 से 40 साल तक के बेरोजगारों को प्रति माह 1,500 रुपये दिए जाएंगे। हालांकि, यह भत्ता प्राप्त करने के लिए माध्यमिक या समकक्ष परीक्षा पास करना जरूरी होगा। इस परियोजना का लाभ कब से मिलेगा, यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को नवान्न में इसी घोषणा की।
पैसे कब से दिए जाएंगे
पहले तय हुआ था कि 15 अगस्त से इस योजना का लाभ मिलेगा लेकिन इस दिन मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अप्रैल से ही इस योजना का लाभ मिलेगा। ममता बनर्जी ने कहा, 'हमने कहा था कि 15 अगस्त से इस योजना को शुरू करेंगे। चूंकि 1 अप्रैल से वित्त वर्ष शुरू होता है, इसलिए तय किया गया कि 1 अप्रैल से इसे लागू कर दिया जाएगा।' उन्होंने इस दिन यह भी बताया कि आवेदन के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कैंप लगाए जाएंगे।
कौन लोग यह पैसा पाएंगे
21 से 40 साल की उम्र के लोग इस योजना का लाभ ले पाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस दिन बताया कि जो लोग ऐक्यश्री, मेधाश्री, शिक्षाश्री या किसी भी प्रकार की छात्रवृत्ति प्राप्त करते हैं, वे भी इस योजना का लाभ ले सकेंगे लेकिन इसके अलावा अन्य किसी योजना में पैसा मिलने पर, उन्हें यह पैसा नहीं मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले पांच वर्षों तक यह पैसा दिया जाएगा। इसके बाद फिर से समीक्षा की जाएगी।
कैसे आवेदन करें
समाचार-पत्रों में विज्ञापन दिया जाएगा। 294 विधानसभा क्षेत्रों में 294 कैम्प होंगे। उन कैम्पों में आवेदन किया जा सकेगा। 15 से 26 तारीख तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यह कैम्प चलेगा। छुट्टियों को छोड़कर। जो लोग आवेदन पत्र जमा करेंगे, उन्हें तुरंत रशीद मिलेगी, साथ ही जानकारी का डिजिटलीकरण भी किया जाएगा। ममता बनर्जी का कहना है कि समय कम होने के कारण अब ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था नहीं की जा रही है। खुद कैंप में जाकर आवेदन करना होगा।