कोलकाताः जादवपुर के एक बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल से गिरने से एक व्यक्ति की रहस्यमय मृत्यु हो गई। एक घर में यह घटना हुई। खबर पाकर जादवपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने शव को उठाकर स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। असामान्य मौत का मामला दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तपन का घर मंदारमणि कोस्टल थाना क्षेत्र के पूर्व पुरूषोत्तमपुर में है। वह अपने भतीजे अरुण नायक के घर आंखों के डॉक्टर को दिखाने आए थे। घटना के समय तपन शौचालय जा रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि उसी समय उन्होंने रेलिंग को पार करते हुए संतुलन खो दिया और नीचे गिर गए होंगे। पुलिस ने यह भी बताया कि तपन की पीठ पर कई चोट के निशान हैं।
घटना में तपन के भतीजे अरुण और उनके पड़ोसियों से पुलिस पूछताछ शुरू कर रही है। हालांकि अभी तक मौत का सही कारण पता नहीं चला है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एमआर बांगुर अस्पताल भेजा है। घटना में जादवपुर थाना में पुलिस ने एक असामान्य मृत्यु का मामला दर्ज किया है। इसी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की है। पुलिस की तरफ से बताया गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु का असली कारण पता चलेगा।