हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के रूट पर चलेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन। पिछले दिनों केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बात की घोषणा की थी। साथ ही बताया था कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही सेमी हाई स्पीड वंदे भारत स्लीपर के टाइम टेबल की घोषणा भी की जा चुकी है।
भारतीय रेल सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के किराए के संबंध में भी जानकारी मिली है। हालांकि इस बारे में आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई जानकारी साझा नहीं की गयी है। साथ ही आपको बताते हैं कि इस लग्जरी ट्रेन में सीट बुक करने का क्या नियम है!
कितना है किराया?
हावड़ा से कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच यह ट्रेन करीब 967.9 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दूरी के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जो आनुमानिक किराया बताया जा रहा है, वह है -
एसी 3 टियर : ₹2,323 (GST छोड़कर)
एसी 2 टियर : ₹3000 (GST छोड़कर)
एसी फर्स्ट क्लास : ₹3677 (GST छोड़कर)
Read Also | हावड़ा-गुवाहाटी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का टाइम टेबल जारी, जानिए कौन से स्टेशनों पर रुकेगी?
वहीं हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच यह ट्रेन करीब 567.2 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दूरी के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जो आनुमानिक किराया बताया जा रहा है, वह है -
एसी 3 टियर : ₹1361 (GST छोड़कर)
एसी 2 टियर : ₹1758 (GST छोड़कर)
एसी फर्स्ट क्लास : ₹2155 (GST छोड़कर)
क्या है सीट बुकिंग का नियम?
भारतीय रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सीट बुक करने के लिए कुछ खास नियमों का पालन करना होगा। जिन नियमों का पालन करते हुए इस लग्जरी ट्रेन में सीट बुक की जा सकेगी, वह निम्न हैं -
- इस ट्रेन में RAC नहीं होगी, न ही वेटिंग लिस्ट रहेगी। यानी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सिर्फ वहीं यात्री सफर कर सकेंगे जिनके पास कंफर्म टिकट है।
- ट्रेन में कोई VIP कोटा नहीं होगा।
- वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों और दिव्यांग यात्रियों के लिए ड्यूटी पास कोटा की व्यवस्था रहेगी लेकिन इसपर अलग से कोई छूट नहीं मिलेगी।
- योग्य यात्रियों को लोअर बर्थ की प्राथमिकता दी जाएगी। यदि कोई यात्री 5 साल के बच्चे के साथ सफर कर रहा है और अगर बच्चे का सीट बुक नहीं किया गया हो तो उसे इस प्राथमिकता का लाभ मिलेगा।
- 60 से ऊपर के पुरुष और 45 वर्ष से ऊपर की महिला यात्रियों को लोअर बर्थ की प्राथमिकता मिलेगी।