🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

दक्षिण बंगाल में ठंड ने फिर दिखाया जोर, एक रात में ढाई डिग्री लुढ़का पारा

अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक संक्रांति पर कंपकंपाने वाली ठंड तय।

By कुबलय बंद्योपाध्याय, Posted by: श्वेता सिंह

Jan 13, 2026 09:50 IST

कोलकाता: तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी जरूर हुई थी, लेकिन वह लंबे समय तक टिकेगी नहीं-कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल को लेकर मौसम विभाग ने पहले ही ऐसा पूर्वानुमान दिया था। शनिवार देर रात शहर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद कई लोगों को लगा था कि शायद इस बार सर्दी का असर कमजोर होने लगा है। हालांकि रविवार देर रात हालात फिर बदल गए। शहर का तापमान ढाई डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा गिरकर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके चलते मकर संक्रांति के दिन एक बार फिर ठंड ज्यादा महसूस होने की संभावना और मजबूत हो गई है।

फिर क्यों कम हुआ बंगाल में रात का तापमान?

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़े बादलों के बाहरी हिस्से (क्लाउड बैंड) के कारण ‘उत्तरी’ हवाओं का प्रवाह कुछ हद तक बाधित हुआ था। इसी वजह से राज्य के लगभग सभी हिस्सों में रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई। हालांकि, इसके बावजूद कोलकाता सहित हर जिले में न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से नीचे ही बना हुआ है।

बंगाल में कहां कितने डिग्री तक गिरा पारा?

सोमवार दोपहर अलीपुर मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के आधार पर कहा जा सकता है कि उस दिन दक्षिण बंगाल में सबसे कम न्यूनतम तापमान कल्याणी में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद आसनसोल में 9.2 डिग्री और झाड़ग्राम में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ये सभी इलाके सिंगल डिजिट में रहे।

उत्तर बंगाल के मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर साफ दिखा। कुचबिहार में 9.1 डिग्री, रायगंज में 9.5 डिग्री और जलपाईगुड़ी में 9.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में ठंड और ज्यादा तीखी रही। दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि कालिम्पोंग में यह 9 डिग्री सेल्सियस रहा।

सोमवार को दक्षिण बंगाल की रात के तापमान को लेकर सबसे अहम बात यह रही कि अब तक सबसे ठंडे इलाके के रूप में पहचाने जाने वाले बीरभूम को पीछे छोड़ते हुए कल्याणी दक्षिण बंगाल का सबसे ठंडा स्थान बन गया। इस सर्दी के मौसम में दक्षिण बंगाल में सबसे ठंडे इलाके का खिताब बार-बार शांतिनिकेतन को मिलता रहा था, लेकिन पहली बार यह खिताब कल्याणी के नाम गया है।

आने वाले कुछ दिनों में मौसम कैसा रहेगा?

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर पड़ने के बाद अलीपुर मौसम विभाग ने पूरे राज्य में फिर से कड़ाके की ठंड लौटने का पूर्वानुमान दिया है। मकर संक्रांति के दिन ठंड काफी तेज रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज मंगलवार से अगले दो दिनों में दक्षिण बंगाल में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इसके बाद आने वाले चार से पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसका मतलब ये कि रात का तापमान सामान्य से नीचे ही बना रहेगा।

वहीं, उत्तर बंगाल में भी अगले एक सप्ताह के दौरान रात के तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है और वहां भी ठंड का असर लगातार बना रहेगा।

Prev Article
'एक खिलाड़ी को क्यों दी जाए सजा?': IPL से मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने पर शशि थरूर की प्रतिक्रिया
Next Article
SIR मामले में सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, चुनाव आयोग कटघरे में

Articles you may like: