कोलकाताः सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन और भारतीय भाषा परिषद द्वारा रविवार को कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी को 2025 का 'लोक उद्यम हिंदी गौरवरत्न सम्मान ' प्रदान करने की घोषणा की गई। सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन के संयुक्त महासचिव प्रो. संजय जायसवाल ने बताया कि कोलकाता में 26 दिसंबर से शुरू होने वाले 31वें हिंदी मेला में ब्रजेश कुमार त्रिपाठी को स्मृति चिह्न और मानपत्र प्रदान किया जाएगा।
हिंदी मेला में यह सम्मान हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान और जनसेवा में संलग्न केंद्रीय लोक उद्यम के उच्चस्थ पदों पर विराजमान हिंदी भाषा का ज्ञान रखने वाले रचनात्मक, अभिरुचि संपन्न हिंदी समर्पित व्यक्तित्व को प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार पहली बार इस वर्ष से दिया जा रहा है।
निर्णायक समिति में थे डॉ.शंभुनाथ, निदेशक भारतीय भाषा परिषद, श्री रामनिवास द्विवेदी, संरक्षक, सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन,डॉ .इतु सिंह , विभागाध्यक्ष हिंदी, खिदिरपुर काॅलेज और प्रो.संजय जायसवाल, विद्यासागर विश्वविद्यालय।
ब्रजेश कुमार त्रिपाठी लगभग तीन दशकों से अपने कर्म जीवन में साहित्यिक अभिरुचि, रचनात्मकता और हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध हैं। श्री त्रिपाठी को 26 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय संस्कृति के सात दिवसीय युवा अभियान 31वें हिंदी मेला में सम्मानित किया जाएगा।