कोलकाताः फाइनल वोटर लिस्ट से छूटे नामों की संख्या और बढ़ गई है। शनिवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि आज SIR हियरिंग का आखिरी दिन है। अब तक के कैलकुलेशन के आधार पर यह साफ है कि तकरीबन 6 लाख 61 हजार वोटर्स के नाम हटाए जाएंगे। इससे पहले जब दिसंबर 2025 में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पब्लिश हुई थी तब उसमें करीब 58 लाख वोटर्स (मृत, नकली, परमानेंटली ट्रांसफर्ड और एब्सेंट) के नाम छूट गए थे। मतलब ये कि उन 58 लाख वोटर्स के अलावा अब इन 6 लाख 61 हजार वोटर्स के नाम भी छूटने वाले हैं।
अब तक किनके नाम हटाये गये हैं?
1. नोटिस मिलने के बावजूद सुनवाई में शामिल नहीं होने वाले वोटरों की संख्या 4 लाख 98 हजार है।
2. माइक्रो ऑब्जर्वर ने सुनवाई के डॉक्यूमेंट्स की जांच के बाद जिन वोटरों को 'अयोग्य' बताकर कमीशन को भेजा था, उनकी संख्या 1 लाख 63 हजार है।
- इन दोनों मामलों में कुल 6 लाख 61 हजार लोगों के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा, SIR सुनवाई के बाद 15 लाख वोटरों का वेरिफिकेशन अभी भी पेंडिंग है। इससे पहले करीब 50 लाख वोटरों के डॉक्यूमेंट्स री-वेरिफिकेशन के लिए भी गए हैं। अब तक 42,501 फॉर्म 7 जमा किए जा चुके हैं। इसके साथ ही एक और नंबर सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, BLO का दावा है कि करीब 3 लाख 55 हजार वोटरों के घर सुनवाई का नोटिस भेजने के बावजूद वे हाजिर नहीं हुए। चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक, इतने वोटरों को 'अनट्रेसेबल' कहा गया है। इसके साथ ही सभी जिलों के DM को नए माइक्रो ऑब्जर्वर की ट्रेनिंग शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।