पिछले 3 दिनों में देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस कंपनी IndiGo की सैकड़ों उड़ान को रद्द कर देना पड़ा है। उड़ान के रद्द होने की वजह से यात्रियों को जितनी समस्याएं हो रही हैं उससे कहीं ज्यादा समस्याएं दूसरी एयरलाइंस कंपनियों की बढ़ी हुई कीमतों की वजह से हो रही है।
कोलकाता से विभिन्न शहरों के लिए घरेलू उड़ान का किराया आसमान छू रहा है। परिस्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि एक शहर से दूसरे शहर तक के लिए उड़ान सेवाओं का जो किराया है, उसमें बड़ी आसानी से विदेश के किसी भी शहर में घूमकर आ सकते हैं।
आइए जान लेते हैं कोलकाता से दूसरे शहरों की उड़ान का किराया :-
दिल्ली व बेंगलुरु
शनिवार को कोलकाता से दिल्ली की उड़ान का किराया ₹28000 पर पहुंच चुका है। रविवार को यही किराया ₹22,000 होगा। वहीं बात अगर कोलकाता से बेंगलुरु की उड़ान का टिकट शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध ही नहीं है। रविवार को किराया ₹49,000 हो चुका है।
मुंबई और पुणे
कोलकाता से मुंबई जाने के लिए शुक्रवार को किसी भी उड़ान में टिकट उपलब्ध नहीं है। शनिवार को कोलकाता से मुंबई की फ्लाइट का न्यूनतम किराया ₹71,000 और रविवार को किराया ₹31,000 है। वहीं पुणे के लिए शुक्रवार को विमान का किराया ₹50,000 है। शनिवार को टिकट का किराया ₹71,000 और रविवार को ₹24,000 पर पहुंच चुका है।
चेन्नई, हैदराबाद और गोवा
कोलकाता से चेन्नई के लिए शुक्रवार को उड़ान सेवा का किराया ₹72,000 है। शनिवार को ₹60,000 और रविवार को किराया ₹36,000 हो चुका है।
शुक्रवार को कोलकाता से हैदराबाद की उड़ान का किराया ₹48,000, शनिवार और रविवार को किराया ₹56,000 पर पहुंच चुका है।
वहीं बात करें, कोलकाता से गोवा के दाबोलेम एयरपोर्ट तक का किराया शुक्रवार को ₹44,000 हो चुका है। शनिवार को ₹39,000 और रविवार को किराया ₹40,000 हो चुकी है।
बागडोगरा
कोलकाता से बागडोगरा की उड़ान की कीमतें सामान्य दिनों में जहां ₹3000 से ₹4000 के बीच होती है, वहीं शनिवार को यह किराया ₹25000 और रविवार को ₹24000 पर पहुंच गया है। शुक्रवार को बागडोगरा के लिए किसी उड़ान में टिकट ही उपलब्ध नहीं है।
देश में सफर करने से अधिक सस्ता विदेश जाना
बात अगर विदेशों के अलग-अलग शहरों की करें तो कोलकाता से बैंकॉक की उड़ान की कीमत लगभग ₹16,000 से ₹20,000 के आसपास रहती है। दुबई जाने का किराया ₹25,000 से ₹30,000 के बीच होता है। इसी तरह सिंगापुर का किराया ₹20,000 के आसपास और मलेशिया के कुआलालाम्पुर का टिकट ₹15,000 से ₹17,000 के बीच है।
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि IndiGo की उड़ान सेवाओं में समस्या होने की वजह से घरेलू उड़ानों के मुकाबले विदेश में घूमकर आना काफी सस्ता हो गया है।