सोमवार की देर रात को दक्षिण 24 परगना जिले के बजबज में चलायी गयी तलाशी अभियान में कई जगहों से हथियार बरामद होने की जानकारी मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम मौनफ पार्से उर्फ बाबू बताया जाता है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, जो काम के सिलसिले में बजबज इलाके में रहता था।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली विस्फोट के बाद से ही देश के सभी राज्यों की सुरक्षा को और भी अधिक कड़ी कर दी गयी है। नाका चेकिंग को भी जोरदार किया गया है। पुलिस को गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि इलाके में कोई अवैध लेकर आ सकता है। इस जानकारी के आधार पर ही बजबज थाना इलाके में विशेष नाका चेकिंग शुरू कर दी गयी। तलाशी अभियान में एक 9 MM की पिस्तौल, दो वन-शटर बंदूर और कई राउंड कारतूस बरामद हुए।
डायमंड हार्बर पुलिस जिला अतिरिक्त पुलिस सुपर मिथुन कुमार दे ने बताया कि गोपनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर ही हमने तलाशी अभियान चलाया था। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा। उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
पुलिस फिलहाल जांच कर रही है कि इन हथियारों को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां पहुंचाए जाने की बात थी? पकड़ा गया आरोपी इस गिरोह से कितने दिनों से जुड़ा हुआ है? गिरफ्तार व्यक्ति क्या सिर्फ हथियारों की तस्करी में ही मदद कर रहा था या फिर किसी बड़े नेटवर्क के सदस्य के तौर पर भी काम कर रहा था? इन सभी बातों की जानकारी हासिल करने की कोशिश जिला पुलिस कर रही है। इसके साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।