हावड़ा के बागनान में लाईब्रेरी मोड़ इलाके में भयावह आग लग गयी। इस अग्निकांड में करीब 10 अस्थायी दुकानें जलकर राख हो गयी। घटना सोमवार की देर रात की बतायी जाती है। बागनान-श्यामपुर रास्ते के किनारे पर मौजूद अस्थायी दुकानों पर अचानक आग लग गयी।
तेजी से भड़की इस आग ने देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर बागनान थाना की पुलिस और दमकल के कर्मचारी पहुंच गए। लगभग 2 घंटों की कोशिशों के बाद दमकल की 3 इंजनों ने आग पर काबू पाया।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आग बहुत तेजी से एक दुकान से दूसरी दुकान तक फैल गयी थी। पहले स्थानीय लोगों ने ही आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन जब वे उसमें सफल नहीं हो पाए तो दमकल को बुलाया गया। हालांकि दमकल के पहुंचने से काफी देर पहले ही कई दुकानें जलकर पूरी तरह से राख हो गयी थी। लेकिन दमकल की तत्परता की वजह से आग आबादी वाले इलाकों तक नहीं पहुंच पायी।
आग लगने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। दमकल ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ही आग लगी हो सकती है। हालांकि अन्य कारणों का पता लगाने की भी कोशिशें की जा रही हैं। आग लगने की वजह से दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। समाचार लिखे जाने तक नुकसान का आंकलन नहीं किया जा सका था।