समाचार एई समय : भारी मालवाही सामानों के लिए हावड़ा के 'बांगाल बाबु' ब्रिज को बंद कर दिया गया है। ब्रिज पर कई जगहों पर दरार नजर आने के बाद हावड़ा सिटी पुलिस ने यह फैसला लिया है। बुधवार की सुबह ब्रिज को देखने के लिए लोक निर्माण विभाग के कई उच्चाधिकारी पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस के साथ बात करने के बाद ब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ब्रिज पर करीब 40 फूट की दरार बन गयी है। ब्रिज पर चढ़ने के ठीक बाद में दाएं तरफ का कुछ हिस्सा धंस भी गया है। नीचे से सीट पाइलिंग कर दिया गया है ताकि कोई विपत्ति न हो। बताया जाता है कि ब्रिज के गार्डवाल को तोड़कर फिर से नया बनाया जाएगा। इस बारे में पूर्व रेलवे के हावड़ा डिविजन के डीआरएम भीसल कपूर ने बताया चांदमारी में नया ब्रिज बन रहा है। पुराने ब्रिज के जिस हिस्से में दरार बनी है, उसकी देखरेख की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। लेकिन रेलवे हर तरह से मदद करेगी।
बता दें, उत्तर हावड़ा, सालकिया, बाली, बेलुड़, लिलुआ में आवाजाही के लिए बांगाल बाबु ब्रिज का सबसे ज्यादा उपयोग किया जाता है। यह ब्रिज करीब 90 साल पुरानी बतायी जाती है। ब्रिज का निर्माण वर्ष 1933 में ईस्ट इंडिया कंपनी के जमाने में किया गया था। इस ब्रिज पर दबाव को कम करने के लिए इसके ठीक बगल में ही भारतीय रेलवे ने विद्यासागर सेतु के तर्ज पर 4 लेन की केबल स्टेट अत्याधुनिक ओवर ब्रिज का निर्माण भी करवाया है।