हुगली : तेज धमाके जैसी आवाज से ट्रेन रुक गई। शनिवार शाम 6 बजकर 5 मिनट की हावड़ा-कटवा लोकल बांसबेड़िया स्टेशन छोड़ने के बाद अचानक रुक गई। यात्रियों का आरोप है कि इसके कारण बैंडेल–कटवा शाखा की अप लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेन सेवा बाधित हुई।
यात्रियों ने बताया कि उस दिन हावड़ा-कटवा लोकल बांसबेड़िया स्टेशन से त्रिवेणी की ओर रवाना होते ही तेज आवाज के साथ रुक गई। यात्रियों का दावा है कि घबराकर वे ट्रेन से नीचे उतर गए। करीब 15 मिनट बाद ट्रेन त्रिवेणी स्टेशन की ओर फिर से रवाना हुई। इसके बाद इस लाइन पर ट्रेन सेवा सामान्य हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि ओवरहेड तार में आग की चिंगारियां भी देखी गई। चित्तरंजन भुइय्या नामक एक यात्री ने कहा कि मैं समुद्रगढ़ जाने के लिए हावड़ा से ट्रेन में चढ़ा था। त्रिवेणी की ओर जाते समय यह घटना हुई। तेज आवाज हुई और उसके बाद ट्रेन रुक गई। हम में से कई यात्री आवाज सुनकर ट्रेन से उतर गए। 10 से 15 मिनट बाद ट्रेन फिर से चल पड़ी। हालांकि इस संबंध में रेलवे की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।