एई समय : पिछले दिनों चंदननगर की रहने वाली 10वीं की छात्रा के गायब होने की खबरें काफी चर्चा में थी। आखिरकार चंदननगर थाना की पुलिस ने उसे नालंदा से बरामद कर लिया है। यह मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर उसकी एक युवक से बातचीत होती थी जहां से यह प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। उसके बाद चंदननगर की 10वीं की छात्रा अपनी नानी से ₹100 लेकर गायब हो गई।
आखिरकार चंदननगर पुलिस ने उसे बिहार के नालंदा से बरामद कर लिया है। हालांकि युवक के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 12 सितंबर को उक्त किशोरी स्कूल में एक समारोह होने की बात कहकर अपने मामा के घर से निकलती थी। आमतौर पर वह रोज पुलकार से स्कूल आती-जाती थी। लेकिन उस दिन उसने टोटो से स्कूल जाने की जिद्द की थी। बताया जाता है कि घरवालों को उसके इरादों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया था। उन्होंने उसे टोटो से स्कूल जाने की अनुमति भी दे दी थी। स्कूल जाते समय वह अपनी नानी से ₹100 भी लेकर गयी थी।
लेकिन जब दोपहर तक वह घर नहीं लौटी, तो उसकी तलाश शुरू हुई। घरवालों ने नाबालिगा के मोबाइल पर कई बार कॉल किया, लेकिन वह बंद आ रहा था। किशोरी के मामा ने उसे रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां ढूँढना शुरू किया। लेकिन जब वह वहां भी नहीं मिली, तो आखिरकार उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की और नाबालिगा के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गयी। तब पता चला कि वह बिहार के एक युवक से प्यार करती थी। दोनों के बीच फोन पर भी बातचीत होती थी। यह भी पता चला है कि युवक चंदननगर आता-जाता था। इसके बाद पुलिस ने एक विशेष जांच दल गठित किया और बिहार के लिए रवाना हो गई।
मालूम हुआ कि नाबालिग को बिहार के नालंदा स्थित एक घर में रखा गया था। पुलिस ने उसे वहां से बरामद किया। हालाँकि, युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच अभी जारी है। लड़की के मामा ने बताया कि मेरी भतीजी अपनी मर्जी से गई थी। पुलिस उसे ढूंढकर वापस ले आई है।