एई समय : विश्व के सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिकों की सूची में पश्चिम मेदिनीपुर के दो शैक्षणिक संस्थानों को जगह मिली है। इस सूची में आईआईटी (IIT) खड़गपुर के 91 प्रोफेसर शामिल हैं। सिर्फ IIT खड़गपुर ही नहीं बल्कि जंगलमहल पश्चिम मेदिनीपुर के विद्यासागर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और शोधकर्ता भी इस सूची में शामिल हैं।
इसी सप्ताह स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford University) ने विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची (Stanford Top 2% Scientists List- 2025) जारी की है। उसी में इन दोनों शैक्षणिक संस्थानों के प्रोफेसर और शोधकर्ताओं का नाम शामिल किया गया है।
IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती सहित 91 प्रोफेसर और शोधकर्ता इस सूची में शामिल हुए हैं। सूची में अपना नाम देखकर खुश सुमन चक्रवर्ती ने कहा कि यह गौरव हमारी जिम्मेदारी को और भी बढ़ा देता है। विद्यासागर विश्वविद्यालय के गणित विभाग के 3 प्रोफेसर सहित कुल 6 शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों ने इस सूची में अपना स्थान पक्का किया है। इसके साथ ही कंप्यूटर साइंस विभाग के एक प्रोफेसर का नाम भी इस सूची में शामिल है।
इस सूची में लगातार छठवी बार विद्यासागर विश्वविद्यालय के गणित विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर मधुमंगल पाल शामिल हुए हैं। लगातार 5वीं बार प्रोफेसर शंकरकुमार राय का नाम आया है। इसके साथ ही गणित विभाग के पूर्व प्रोफेसर रवींद्रनाथ जाना और कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर विश्वपति जाना ने इस बार की सूची में अपना स्थान पक्का किया है।
विद्यासागर विश्वविद्यालय के गणित विभाग के तीन शोधकर्ता शोभन सामंत (तमलुक कॉलेज के सहायक प्रोफेसर), चिरंजीव जाना और तपन सेनापति भी विश्व के सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिकों की सूची में शामिल हुए हैं। इसके साथ ही वह लगातार चौथी बार स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूची में जगह बनाया है।
विद्यासागर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीपक कुमार कर ने कहा कि यह सफलता गर्व और खुशी की बात है। जंगलमहल का यह विश्वविद्यालय विश्व पटल पर धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रहा है।
अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी विश्व के सर्वश्रेष्ठ 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की यह सूची प्रकाशित करती है। विज्ञान पर शोध कार्य, नवीन आविष्कार और एच इंडेक्स, एच-एम इंडेक्स सहित विभिन्न विषयों के आधार पर विश्व के सर्वश्रेष्ठ 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford University) तैयार करती है।