कमरे से वृद्ध दंपति का क्षत-विक्षत शव बरामद, एकलौता बेटा गिरफ्तार

काफी पुकारने के बावजूद अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर धक्का देकर घर का दरवाजा खोला गया। उसके बाद ही घर के अंदर का भयानक दृश्य नजर आया।

By Abhirup Datta, Posted By : Moumita Bhattacharya

Oct 04, 2025 16:18 IST

वृद्ध दंपति का क्षत-विक्षत और खून से सना शव कमरे से बरामद किया गया। यह घटना पश्चिम मेदिनीपुर के सबंग ब्लॉक के देभोग पंचायत के खड़पोड़ा की बतायी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त दंपति के एकमात्र बेटा घटना के बाद से फरार हो गया था। सबंग थाना की पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम भीम हांसदा (56) और सम्बरी हांसदा (50) बताया जाता है।

बताया जाता है कि भीम हांसदा किसान हैं। उनका एकलौता बेटा परेश हांसदा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि परेश मानसिक तौर पर अस्वस्थ है। पड़ोसियों का कहना है कि शुक्रवार की रात को माता-पिता के साथ उसका किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।

शनिवार की सुबह करीब 10 बज जाने के बावजूद जब हांसदा परिवार घर से बाहर नहीं निकले तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। काफी पुकारने के बावजूद अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर धक्का देकर घर का दरवाजा खोला गया। उसके बाद ही घर के अंदर का भयानक दृश्य नजर आया।

पड़ोसियों का दावा है कि बिस्तर पर खून से सना हुआ भीम हांसदा का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था। वहीं जमीन पर उनकी पत्नी का शव खून में लथपथ पड़ा था। पुलिस ने शवों को बरामद कर उन्हें सबंग थाना भेज दिया है। घटना के बाद से दंपति का बेटा फरार बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अपने माता-पिता की हत्या कर परेश (35) भाग खड़ा हुआ। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वृद्ध के सिर पर धारदार हथियार से कई बार मारा गया है। वृद्धा का गला रेत कर हत्या की गयी है।

पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि किसी बात को लेकर मनमुटाव के कारण ही बेटे ने माता-पिता की हत्या की और फरार हो गया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल में भेज दिया गया है। सबंग थाना के ओसी चंचल सिंह ने बताया कि शनिवार की दोपहर को करीब 2 बजे डेबरा के पास एक जगह से मृत दंपति के फरार बेटे परेश उर्फ गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Prev Article
मेदिनीपुर में बिजली का झटका लगने से क्लब सदस्य की मौत, सचिव झुलसे, पूजा बंद
Next Article
ट्रेन से कंसावती में कूदा जादवपुर विश्वविद्यालय का छात्र, मौत को लेकर रहस्य

Articles you may like: